
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
3 जून 2024
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि लोकसभा चुनाव पर आया एग्जिट पोल गलत है। ऐसा लग रहा है कि पिछले चुनाव के आंकड़ों पर ही इसे बना दिया गया है। एग्जिट पोल कुछ और दिखा रहा है, जबकि फील्ड का पोल कुछ और दिखा रहा था। हम फील्ड के लोग हैं, इसीलिए फील्ड पर ही भरोसा करते हैं। चार जून को नतीजे बता देंगे की एग्जिट पोल कितना ठीक था? मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान जनता का मन कांग्रेस के साथ है। हम लोकसभा की चार सीटों में से दो सीटें जीत रहे हैं और दो अन्य सीटों पर भी फाइट में हैं। हमीरपुर जैसी सीट पर भी अनुराग ठाकुर इस बार सबसे कड़ी चुनौती झेल रहे हैं।
जहां तक विधानसभा उपचुनाव की बात है, तो सभी छह सीटें कांग्रेस जीत रही है। कांग्रेस की रैलियों में लोगों की भीड़ उमड़ी है। इससे पता चलता है कि 2019 की तरह का यह इलेक्शन नहीं है। एग्जिट पोल इससे पहले भी फेल साबित हुए हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सिर्फ 25 सीटें दी जा रही थीं, लेकिन 40 मिली थीं और सरकार भी बनी। इसलिए चार जून का ही इंतजार करिए। गौरतलब है कि मतगणना का आखिरी चरण पूरा होने के बाद विभिन्न टीवी चैनलों पर आए एग्जिट पोल में नरेंद्र मोदी सरकार की हैट्रिक पक्की बताई जा रही है और इस बार पिछले दो बार से भी ज्यादा सीटें भाजपा को दी गई हैं।





