
गोहर ; अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक कर्मवीर कुमार बोध 11 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक हिमाचल प्रदेश के भ्रमण कार्यक्रम पर रहेंगे। इस दौरान वे प्रदेश के सात जिलों में अनुसूचित जाति वर्ग के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर संगठन सृजन अभियान को गति देंगे।
जैसा कि सर्वविदित है कि हिमाचल प्रदेश में अनुसूचित जाति विभाग की प्रदेश कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया है। इसी संदर्भ में प्रदेश भर में संगठन सृजन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसके तहत जिला, खंड और पंचायत स्तर पर नई और मजबूत कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू की गई है।
इस कड़ी में कर्मवीर कुमार बोध 12 फरवरी 2026 को प्रातः 11:00 बजे गांधी भवन मंडी में आयोजित अनुसूचित जाति विभाग के संगठन सृजन कार्यक्रम में भाग लेंगे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सीधे तौर पर संवाद करेंगे।
कांग्रेस कार्यकर्ता एवं हिमाचल प्रदेश जन मानस उत्थान समिति जिला मंडी के अध्यक्ष तेज लाल चंदेल ने जिला, खंड और पंचायत स्तर के सभी अनुसूचित जाति वर्ग के कर्मठ एवं कांग्रेस हितैषी कार्यकर्ताओं, विशेष रूप से मातृ शक्ति और युवाओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया है।
उन्होंने कहा कि इस संगठन सृजन कार्यक्रम का उद्देश्य जिला मंडी में बूथ स्तर तक मजबूत, सक्रिय और टिकाऊ अनुसूचित जाति विभाग की नई कार्यकारिणी का गठन करना है, ताकि आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती मिल सके और पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके।





