#गुजरात में भाजपा की कॉर्पोरेट बॉम्बिंग 2.0, करीब 93 सीटों पर एक साथ उतरेंगे कई बड़े नेता*

assembly elections corporate bombing 2 0 of bjp in gujarat

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

 21 नवंबर 2022

गुजरात में विधानसभा चुनाव के प्रचार अपने चरम पर है। भाजपा हो या कांग्रेस! नेता लोगों के बीच जमकर पसीना बहा रहे हैं। सर्दियों में गुजरात चुनाव ने सियासत में गर्मी ला दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले 3 दिनों से लगातार गुजरात में डेरा डाले हुए हैं। वहीं, सोमवार को राहुल गांधी कांग्रेस की तरफ से चुनाव प्रचार में उतरे और जमकर केंद्र और भाजपा सरकार पर निशाना साधा। इन सबके बीच एक बार फिर भाजपा गुजरात चुनाव में कॉर्पोरेट बॉम्बिंग करने जा रही है यानी एक ही दिन में 90 से अधिक सीटों पर भाजपा के सभी नेता चुनाव प्रचार करेंगे। इसे कॉर्पोरेट बॉम्बिंग 2.0 का नाम दिया है।

शुक्रवार को भाजपा ने करीब 90 सीटों पर किया था एक साथ प्रचार
इससे पहले भाजपा ने शुक्रवार को एक साथ करीब 90 सीटों पर चुनाव प्रचार किया था। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत देशभर के सभी बड़े नेताओं ने अलग-अलग सीटों पर चुनाव प्रचार किया। इसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान, असम के सीएम हेमंत विस्बा सरमा, महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस समेत कई दिग्गजों ने जनसभाएं कीं।

भाजपा 7बीं बार चाहती है सत्ता में वापसी
भाजपा गुजरात में लगातार 27 साल से गुजरात में सरकार में है। पिछले 6 विधानसभा चुनावम में भाजपा ने एक भी चुनाव नहीं हारा है। ऐसे में भाजपा 27 साल सरकार में रहने के बाद एक रिकॉर्ड बनाना चाहती है। और इसके लिए भाजपा नेता जमकर पसीना बहा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह लगातार गुजरात का प्रवास कर रहे हैं। जनता के सामने अपने विकास मॉडल और गुजरात की अस्मिता के नाम पर वोट की अपील कर रहे हैं। बता दें कि गुजरात में 182 सीटों पर 1 और 5 दिसंबर को मतदान होगा। 8 दिसंबर को चुनाव के नतीजे सामने आएंगे।

Share the news