गौरव मिन्हास ही मैहतपुर के गोदाम में चला रहा था नकली शराब का धंधा

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

4 जून 2023

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में नकली होलोग्राम और मार्का स्टीकर वाली शराब मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी गौरव मिन्हास उर्फ गोरु ने पुलिस पूछताछ में बड़े खुलासे किए हैं। मैहतपुर में किराये के गोदाम में नकली शराब का धंधा गौरव ही चला रहा था। गौरव को शनिवार दोपहर सीजेएम ऊना की अदालत में पेश किया, जहां से उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया। पुलिस ने आरोपी से मैहतपुर गोदाम की निशानदेही भी करवाई है। पूछताछ में सामने आया कि बीते 17 मई से उसने नकली शराब का कारोबार शुरू किया था। उसी दिन गौरव की अनुशंसा पर आरोपी अश्वनी के नाम पर गोदाम का रेंट एग्रीमेंट किया था। गोदाम में चार श्रमिक रखे थे, जो अब फरार हैं। मात्र 10 दिन में ही पुलिस ने इस कारोबार का भंडाफोड़ कर दिया

आरोपी गौरव ने बताया कि मैहतपुर औद्योगिक क्षेत्र में लिए किराये के गोदाम में नकली शराब बनती थी। इसके लिए पानी ग्वालथाई से मंगवाया जाता था, जबकि स्प्रिट अवैध रूप से मंगवाई जाती थी। स्प्रिट से भरे 40 ड्रम ऊना मंगवाए गए थे। इनमें से 10 ड्रम पुलिस ने बरामद किए हैं। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि दस दिन में कितनी पेटी नकली शराब बनाई गई थी। सूत्र के अनुसार इस पूरे कारोबार में स्प्रिट, पानी व सप्लाई का काम अलग-अलग लोग करते थे। शातिर नकली शराब बेचने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन इस बीच पुलिस के हत्थे दो शातिर 45 पेटी शराब के साथ चढ़ गए।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news