घर में कैद हुआ परिवार, पड़ोसियों ने चारों तरफ लगा दी कंटीली तारें व चदरें

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

20 जुलाई 2023

मुख्यमंत्री के गृह जिला हमीरपुर में एक महिला अपने परिवार के साथ घर में कैद हो कर रह गई है क्योंकि जमीनी विवाद के चलते पडोसियों ने उसके आंगन में ही कंटीली तार के साथ बड़ी-बड़ी टीन की चादरों से बाड़बंदी कर दी है। जंगलरोपा पंचायत के गांव मसियाना की पीडि़त महिला कविता ने इसकी शिकायत कई बार जिला प्रशासन के साथ-साथ पुलिस में भी की, लेकिन उचित कार्रवाई न होने के चलते पिछले 15 दिनों से महिला अपने घर में कैद हो कर रह गई है। महिला के साथ 90 वर्षीय बुजुर्ग सास भी घर के अंदर कैद है, जो हार्ट पेशेंट है। यसहीं नहीं पड़ोसियों ने महिला के घर के चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं, ताकि महिला की कोई भी मदद न कर सके। महिला की मदद के लिए सड़क पर काम करने वाले प्रवासी मजदूरों द्वारा राशन-पानी दिया जा रहा है, उन्हें भी पड़ोसियों द्वारा धमकियां दी जा रही हैं।

पीडि़त परिवार का कहना कि एक नहीं बल्कि कई दफा वह पंचायत, पुलिस व प्रशासन के पास शिकायत लेकर जा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। पीडि़त परिवार ने आरोप लगाया है कि समस्या का समाधान करने की बजाय पंचायत के प्रतिनिधि उन पर दूसरे पक्ष को जमीन देने का दबाव बनाते हैं।
पीडि़त महिला कविता का कहना है कि उनके घर के चारों ओर पड़ोसियों ने टीन की बाड़बंदी घर के चारों तरफ कर दी है। घर के चारों ओर सीसीटीवी कैमर में भी लगाए गए हैं। पड़ोसी उन्हें सड़क तक जाने का रास्ता तक नहीं देते हैं। प्रवासी मजदूर उन्हें बाड़ की दूसरी तरफ से जरूरी चीजें देते हैं। उनकी सास हार्ट की मरीज है। महिला का कहना है कि पंचायत प्रतिनिधि कई दफा मौके पर आए है, लेकिन समस्या का समाधान करने की बजाय दूसरे पक्ष को जमीन देने का दबाव उनपर बनाते हैं। वह न तो मंदिर जा पा रहे हैं और न ही अस्पताल।

कविता का कहना है कि उनकी बेटी की शादी भी हो चुकी है। बाड़बंदी की वजह से बेटी भी उनके पास नहीं आ सकती है।  2012 में उन्होंने मकान बनाया था और सरकार की तरफ अटल आवास योजना से घर निर्माण के लिए 48 हजार मिले हैं। उन्होंनें बताया कि पड़ोसी उन्हें बेटे पर केस लगाने की धमकी देते हैं। इमरजेंसी में सीढ़ी लगाकर वह रिश्तेदारों को घर बुलाते हैं तो पड़ोसी उनके साथ भी गालीगलौच करते हैं।प्रवासी मजदूर दुर्गा का कहना है कि यह परिवार बेहद मुश्किल में है। वह परिवार की मदद के लिए खाने-पीने की चीजें बाड़ से दूसरी तरफ फेंक कर पहुंचा देते हैं, लेकिन दूसरे पक्ष के लोग उनको भी धमकी देते हैं। ठेकेदार से भी शिकायत करते हैं, लेकिन वह इंसानियत के नाते परिवार को जरूरत की चीजें देती हैं। दूसरे पक्ष के लोग उन पर भी झूठे केस लगाने की धमकी देते हैं।

कई बार रास्ता खुलवाया, लेकिन फिर हो गया दोनों परिवारों में विवाद : प्रधान
उधर, पंचायत प्रधान जंगलरोपा अश्वनी कुमार का कहना है कि दोनों पक्षों में विवाद काफी पुराना है। बीच में दोनों के बीच विवाद सुलझ गया था और परिवार को सड़क तक जाने का रास्ता भी दिया गया था। अब फिर दोनों परिवारों में विवाद हो गया है। कई दफा मौके पर जाकर रास्ता खुलावाया गया है। उन्होंने कहा कि घर का रास्ता बंद करना कानूनन गलत है।

रास्ता रोकना व घर में कैद करना गैर कानूनी : डीसीडीसी हेमराज बैरवा का कहना है कि मामला एसडीएम को मौके पर जाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। विवाद चाहे किसी भी तरह का हो, लेकिन किसी घर का रास्ता रोकना समाधान नहीं है। मामले में नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। डीसी ने कहा कि काननून इस तरह किसी के रास्ते को रोकना और घर में कैद करना गैर कानूनी है और ऐसे लोगों के खिलाफ कानून में सख्त सजा का प्रावधान है।

जल्द खुलवाया जाएगा रास्ता : एसपी
एसपी आकृति शर्मा का कहना है कि महिला थाना हमीरपुर में शिकायत दर्ज की गई है। शिकायत में महिला ने कहा कि उसके पड़ोसी उन्हें शांति से नहीं रहने देते हैं और लड़ाई-झगड़ा करते हैं तथा उनका घर का रास्ता रोक दिया है। उन्होंने कहा कि आईपीसी की धारा 341ए 504 और 506 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। जल्द ही पीडि़त महिला के रास्ते को प्रशासन व पुलिस की मदद से खुलवाया जाएगा।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news