

खबर अभी अभी ब्यूरो
चंडीगढ़/सोलन: चंडीगढ़ में 3 अप्रैल को हुए ग्रेनेड हमले के मामले में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ा खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस सनसनीखेज घटना में हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला के रोहडू क्षेत्र से भी एक युवक की गिरफ्तारी हुई है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, हमला भारतीय जनता पार्टी के सेक्टर-37 स्थित कार्यालय के बाहर किया गया था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और व्यापक जांच शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में इस हमले के पीछे विदेशी साजिश के पुख्ता संकेत मिले हैं। सूत्रों के मुताबिक, इस मॉड्यूल के तार ISI से जुड़े होने की आशंका है, जबकि पूरी साजिश को पुर्तगाल में बैठे एक हैंडलर द्वारा संचालित किया गया बताया जा रहा है। हालांकि, मुख्य साजिशकर्ता अभी भी फरार है।
गिरफ्तार आरोपियों में रोहडू के टिक्कर (गांव थाना) निवासी रुबल चौहान, पुत्र सुरेंद्र कुमार का नाम भी शामिल है। उसकी भूमिका को लेकर जांच एजेंसियां गहराई से पूछताछ कर रही हैं।
इस घटना के बाद चंडीगढ़ समेत आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां मिलकर मामले की तह तक जाने में जुटी हैं।
अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। यह मामला अब राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बन गया है, जिस पर पूरे देश की नजर बनी हुई है।





