
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन
26 मार्च 2023

जिला चंबा की सर्पीली सड़कों पर हादसों का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब चंबा- साहो मार्ग पर भूरि सिंह पावर हाऊस के समीप देर रात मशीनरी से लदा एक ट्राला दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि क्लीनर गंभीर रूप से घायल है। मृतक की पहचान रशपाल सिंह निवासी पठानकोट के रूप में हुई है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, घायल क्लीनर कांगड़ा जिला के अश्वनी कुमार का मेडिकल कॉलेज चंबा में उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार यह दोनों ट्राले में मशीनरी लेकर होली से पठानकोट की ओर जा रहे थे।
भूरी सिंह पावर हाउस के समीप अचानक ट्राला अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे साल खड्ड में जा गिरा। इससे चालक रशपाल की मौके पर ही मौत हो गई और क्लीनर घायल हो गया। ट्राले के गिरने की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी हादसे की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस दल और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। एएसपी विनोद कुमार धीमान ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की विस्तृत जांच आरंभ कर दी है।
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन





