
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन
4 मई 2023

प्रसिद्ध शक्तिपीठ मन्दिर माता श्री चिंतपूर्णी में 5 मई को माता श्री छिन्नमस्तिका की जयंती धूम धाम से मनाई जाएगी। पुजारी वर्ग द्वारा इस साल भी विश्व शान्ति व माता छिन्नमस्तिका जयंती के उपलक्ष्य पर 24 घंटे का महायज्ञ किया जा रहा है। यह हवन यज्ञ 4 मई सुबह 8 बजे से प्रारंभ किया गया और पूर्ण आहुति 5 मई सुबह 9 के डाली जाएगी।
पुजारी संदीप कालिया ने कहा कि छिन्नमस्तिका जयंती बैशाख मास की पूर्णिमा के दिन मनाई जाती हैं, इस दिन विश्व शान्ति के लिए पुजारी वर्ग द्वारा हवन यज्ञ किया जाता हैं जो 24 घंटे चलता है। इस दौरान माता से यही प्रार्थना की जाती हैं कि मां विश्व में शान्ति बनाए रखें।
दूसरी तरफ माता श्री चिंतपूर्णी के पुजारी वर्ग से बारीदार सभा के अध्यक्ष रविंद्र छिंदा ने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वह माता श्री छिन्नमस्तिका की जयंती के अवसर पर मंदिर में अवश्य पधारें और पावन पिंडी के दर्शन करें साथ ही साथ उन्होंने यह भी कहा कि इस दौरान श्रद्धालु कोई भी ऐसी वस्तु लेकर मंदिर में ना आए जिससे न केवल पुजारी वर्ग अपितु माता के श्रद्धालुओं की भावना को किसी प्रकार से ठेस पहुंचती हो।
उन्होंने देश-विदेश में बैठे माता के श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वह अपने निवास पर ही माता की विधिवत पूजा अर्चना कर कंजक पूजन कर सकते हैं।
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन





