
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
8 अक्टूबर 2022
#चिकित्सक मांगों को लेकर शनिवार से दो घंटे की पेन डाउन स्ट्राइक पर रहेंगे। इसके चलते अस्पतालों में मरीजों को 11:30 बजे के बाद इलाज मिल सकेगा।*

सोलन |
हालांकि इस दौरान आपात स्थिति में अस्पताल आने वाले मरीजों को उपचार मिलेगा। वहीं चिकित्सकों की दो घंटे की इस स्ट्राइक से मरीजों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ेगी। छह सूत्रीय मांगों को लेकर चिकित्सक पेन डाउन स्ट्राइक करने को मजबूर हैं।
हड़ताल को लेकर संघ मुख्य चिकित्सा अधिकारी और चिकित्सा अधीक्षक को ज्ञापन भी दिया है। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हुई, हड़ताल वापस नहीं लेंगे। चिकित्सा अधिकारी संघ सोलन इस हड़ताल का फैसला हिमाचल प्रदेश चिकित्सा अधिकारी संघ के आह्वान पर लिया है।
चिकित्सकों की मांग है कि सरकार की ओर से स्वास्थ्य निदेशक की सेवानिवृत्ति के बाद पद को अब तक नहीं भरा गया है। इससे कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं। इससे संघ चिकित्सकों के सेवा विस्तार का विरोध में रहा है।
संघ का कहना है कि प्रदेश में पहले से अधिकांश बेरोजगार युवा चिकित्सक मौजूद हैं। किसी भी चिकित्सक को सेवा विस्तार देना युवा चिकित्सकों के भविष्य के साथ खिलवाड़ होगा। जिन चिकित्सा अधिकारियों को सेवा विस्तार दिया गया है, उन्हें शीघ्र सेवानिवृत्त किया जाए।
वहीं अनुबंध पर चयनित चिकित्सकों का ग्रेड पे का 150 फीसदी मानदेय देने और नए वेतन आयोग में चिकित्सकों का 4-9-14 का टाइम स्केल बहाल करने की मांग की है। साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की प्रोत्साहन में वृद्धि और मेडिकल कॉलेजों में सेवाएं दे रहे फैकल्टी सदस्यों को भी एकेडेमिक अलाउंस देने की मांग को लेकर चिकित्सक आठ अक्तूबर से सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक पेन डाउन हड़ताल पर रहेंगे।
उधर, चिकित्सा संघ सोलन के प्रधान डॉ. कमल कुमार ने कहा कि पेन डाउन हड़ताल का फैसला हिमाचल चिकित्सा अधिकारी संघ के आह्वान पर लिया है। आपात स्थिति को छोड़कर दो घंटे तक चिकित्सक हड़ताल पर रहेंगे।
क्षेत्रीय अस्पताल में आएगी अधिक परेशानी
क्षेत्रीय अस्पताल जिला का सबसे बड़ा अस्पताल है। यहां पर जिला सोलन ही नहीं बल्कि सिरमौर और शिमला के कई ग्रामीण क्षेत्र के मरीज अस्पताल इलाज के लिए आते हैं। वर्तमान में भी अस्पताल में 1200 से 1500 की ओपीडी रहती है। इस कारण चिकित्सकों की दो घंटे की पेन डाउन स्ट्राइक से मरीजों को काफी दिक्कतें आएगी। अधिकतर परेशानी दूरदराज क्षेत्र से आने वाले मरीजों को होगी।
आधा घंटा ही मिल पाएगी सरकारी लैब की सुविधा
दो घंटे की पेन डाउन स्ट्राइक से मरीजों को आधा घंटा तक ही सरकारी लैब की सुविधा मिल पाएगी। अस्पताल में 12:00 बजे तक ही सरकारी लैब में टेस्ट किए जाते हैं। इसके चलते क्रस्ना डायग्नॉस्टिक कंपनी के सहारे ओपीडी चलेगी। लेकिन तुरंत टेस्ट रिपोर्ट के लिए मरीजों को निजी लैब का रुख करना पड़ेगा।
आपात स्थिति में मिलती रहेगी सुविधा
चिकित्सा अधीक्षक सोलन डॉ. एसएल वर्मा ने बताया कि पेन डाउन हड़ताल को लेकर आपात स्थिति में मरीजों को सुविधा मिलती रहेगी। लोगों को असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्था बनाई जा रही है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





