
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन
17 अप्रैल 2023
छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने छात्रों से जुड़ी कई मांगों को लेकर डीसी सिरमौर राम कुमार गौतम के जरिए मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री को एक ज्ञापन भेजा, जिसमें मुख्य रुप से कॉलेजों व स्कूलों में रिक्त पड़े शिक्षकों के पदों को भरने की मांग की गई है।
मीडिया से बात करते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सोलन विभाग के संयोजक मनीष बिरसांटा ने कहा कि प्रदेश के अधिकतर कॉलेजों में शिक्षकों के पद खाली पड़े हुए हैं, जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसलिए सरकार से इन पदों को तुरंत भरने की मांग की जा रही है। साथ ही एबीवीपी ने विश्वविद्यालय में कुलपति को स्थाई तौर पर नियुक्त करने की मांग भी की। इसके अलावा नौणी विवि में की गई फीस बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग की है।
परिषद ने सरकार से हिमाचल में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की भी मांग की। छात्र नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने छात्र संघ चुनाव को बहाल करने का आश्वासन दिया है और छात्र संगठन इन चुनावों की बहाली का इंतजार कर रहे है।
पूर्व सरकार ने भी छात्र संघ चुनाव को बहाल करने का निर्णय लिया था, लेकिन वह छात्र संघ चुनाव बहाल नहीं कर पाई। परिषद ने निर्णय लिया है कि यदि छात्र संगठन द्वारा उठाई गई मांगों को पूरा नहीं किया जाता है तो आने वाले समय में एबीवीपी के कार्यकर्ता विरोध-प्रदर्शन करेंगे।
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन






