
बद्दी । औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में मंगलवार सुबह हादसे में सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली 13 साल की छात्रा की मौत हो गई। छात्रा पांचवीं में पढ़ रहे छोटे भाई को स्कूल छोड़ घर लौट रही थी कि उसकी स्कूटी एक ट्राले के साथ जा टकराई। सिर पर गहरी चोट लगने से उसने मौके पर दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पुलिस जांच में जुट गई है, लेकिन यह हादसा कई सवाल खड़े कर रहा है।
हादसा सुबह 8:50 बजे बद्दी के पुराने बस अड्डे के पास हुआ। 13 वर्षीय गुड़िया अपने छोटे भाई हरिकेश को निजी स्कूल में छोड़ने के बाद स्कूटी पर घर लौट रही थी। उसके बाद उसने खुद भी स्कूल जाना था। संपर्क मार्ग से बद्दी अस्पताल की उतराई में स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार स्कूटी पहले एक निजी वाहन से टकराने से बची और फिर फोरलेन पर चल रहे ट्राले के पिछले हिस्से में जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार से थी कि सिर पर लगा हेलमेट निकल गया, जिससे सिर पर गंभीर चोट लगी और उसकी मौके पर मौत हो गई। ट्राला चालक ने तुरंत उतरकर किशोरी को उठाकर लगते अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित किया गया।
छात्रा के पिता बिहार के बजीरगंज थाने के आरोपुर गांव के पवन कुमार बद्दी में राजमिस्त्री का काम करते हैं। छोटा भाई पुरानी सब्जी मंडी के समीप एक निजी स्कूल में पढ़ता है। सवाल है कि महज 13 साल की बच्ची लंबे समय से स्कूटी चला रही थी, लेकिन उसे न तो परिजनों ने रोका और न ही आते-जाते पुलिस ने टोका या कार्रवाई की। नियमानुसार नाबालिग किसी तरह का वाहन नहीं चला सकते हैं।परिजनों के खिलाफ दर्ज होगा मामला
एएसपी बद्दी अशोक धीमान ने बताया कि ट्रक के साथ स्कूटी टकराने से 13 साल की छात्रा की मौत हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि कानूनन नाबालिग को गाड़ी देना अपराध है, लिहाजा, पुलिस परिजनों के खिलाफ भी मामला दर्ज करेगी।





