जलोड़ी जोत में इको-टूरिज्म गतिविधियों को लेकर हितधारकों के साथ बैठक आयोजित

कुल्लू-
हिमाचल प्रदेश वन विभाग के तत्वावधान में जलोड़ी जोत में इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने और विभिन्न विकासात्मक कार्यों की समीक्षा के उद्देश्य से अधिकारियों और
हितधारकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में एसडीएम बंजार पंकज शर्मा, एसडीएम आनी लक्ष्मण कनेट, डीएसपी राजीव मेहता, जलशक्ति, पुलिस, वन विभाग, राष्ट्रीय उच्च मार्ग के अधिकारियों, इको-टूरिज्म सोसाइटी के प्रतिनिधियों तथा हितधारकों ने भाग लेकर जलोड़ी जोत तथा आसपास के पर्यटन स्थलों के समग्र विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक का संचालन डीएफओ आनी डॉ. चमन लाल राव ने किया। बैठक में जलापूर्ति योजना की प्रगति, पार्किंग व्यवस्था, पर्यटक सूचना केंद्र की स्थापना, प्लास्टिक एवं अन्य कचरे के प्रबंधन तथा क्षेत्र में संचालित इको-टूरिज्म गतिविधियों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त जलोड़ी जोत क्षेत्र में अवैध रूप से लगाए गए फूड वैन, रेहड़ी-फड़ी को हटाने तथा सड़क किनारे घोषित नो-पार्किंग क्षेत्र को प्रभावी रूप से लागू करने के विषय पर भी चर्चा की गई।
बैठक में रघुनाथ पुर फोर्ट क्षेत्र के विकास से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसमें रघुपुर किले के बेस कैंप में फूड पॉइंट विकसित करने, पर्यटक सूचना केंद्र और ई-टॉयलेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ अवैध शेड को हटाने की स्थिति की समीक्षा की गई।
इसके अलावा पर्यटकों की सुविधा के लिए जालोरी जोत क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था, वर्षा आश्रय (रेन शेल्टर) निर्माण, मेडिसिनल एवं एरोमैटिक पौधों की डेमोंस्ट्रेटिव नर्सरी विकसित करने तथा पर्यटन गतिविधियों को सुव्यवस्थित करने के विभिन्न बिंदुओं पर भी चर्चा की गई।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जलोड़ी जोत क्षेत्र में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य किया जाए, ताकि क्षेत्र में इको-टूरिज्म को सतत एवं व्यवस्थित तरीके से विकसित किया जा सके।
कुल्लू ब्यूरो रिपोर्ट सुशांत शर्मा….

Share the news