
एक कहावत “ऊंची दुकान, फीका पकवान” आज जिओ के लिए एकदम सही साबित हो रही है । कंपनी ने शुरुआत में कई लुभावने ऑफर देकर लोगों को जिओ फाइबर के कनेक्शन बांट तो दिए लेकिन अब जब ग्राहकों को कोई समस्या आ रही है तब कंपनी की तरफ से कोई भी प्रतिक्रिया नहीं मिल पा रही है । कंपनी की सर्विस इतनी बदतर हो चुकी है कि यदि कोई ग्राहक शिकायत दर्ज करना चाहता भी है तो उसके पास उतने विकल्प ही नहीं है जिससे वह शिकायत दर्ज कर सके। । वहीं कंपनी द्वारा वेबसाइट पर कई मेल आई डी भी दी गई है जिसमें ग्राहक अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं लेकिन ग्राहकों द्वारा मेल आई डी पर भी शिकायत दर्ज करने के सप्ताह बीत जाने के बाद भी कंपनी की तरफ से कोई भी प्रतिक्रिया नहीं दी जा रही है । जिससे जिओ फाइबर के ग्राहक अब खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं । वहीं धर्मशाला के कोतवाली बाजार में स्थित जिओ स्टोर के कर्मचारी ने बताया कि उनके पास भी दर्जनों शिकायतें रोज पहुंच रही हैं लेकिन उन कर्मचारियों का भी कंपनी के कॉल सेंटर से संपर्क नहीं हो पा रहा है । अब जिओ जैसी अग्रणी कंपनी के ऐसे हाल हो चुके हैं की लोगों द्वारा जिओ का त्याग कर देना ही एकमात्र विकल्प उन्हें दिख रहा है । हैरानी की बात यह है कि इन कंपनियों को रेग्यूलेट करने वाले विभाग भी इन पर कोई सख्ती नहीं अपना रहा है ।




