
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
2 मई 2023
जिला कांगड़ा में लगातार हो रही बारिश ने गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचाया है। जिले के निचले इलाकों के किसान चिंतित हो गए हैं। हालात यह हैं कि कई किसानों की ओर से काटी गई फसल भीग गई। अब सुखाने के बाद ही इसकी थ्रैशिंग हो सकेगी। उधर, पककर कटने को तैयार गेहूं की फसल के बचाव को कृषि विभाग ने सलाह जारी की है।
कृषि विभाग के अनुसार जिला में कुछ क्षेत्रों में फसल को काटने का कार्य जोरशोर से चल रहा है। वहीं कुछ क्षेत्र ऐसे हैं ,जहां खेतों में गेहूं की फसल कट चुकी है। ऐसे में जहां पर बारिश के कारण गेहूं की फसल में पानी इकट्ठा हो गया है। वहां किसान पानी की निकासी की व्यवस्था करें। जबकि जिन क्षेत्रों में बारिश के कारण फसल कट चुकी है, ऐसे स्थानों में किसान धूप निकलने के बाद फसल को सुखाकर उचित स्थान पर रख दें। वहीं हरी सब्जी के लिए बारिश संजीवनी सिद्ध हो रही है।
जिला कांगड़ा में सोमवार को सुबह से ही आसमान में बादलों के साथ धौलाधार की पहाड़ियों पर बर्फबारी का दौर जारी रहा। जिला मुख्यालय धर्मशाला में हल्की बूंदाबांदी सहित दोपहर को इंदौरा, खैरा, पालमपुर, बैजनाथ, राजा का तालाब, थुरल और पंचरुखी में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं मौसम विभाग के अनुुसार जिला कांगड़ा में मंगलवार को पहाड़ी और मैदानी इलाकों में हल्की और मध्यम दर्जे की बारिश का अनुमान बताया गया है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





