
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
4 मार्च 2023
जिला परिषद मंडी के विभिन्न वार्डों में 15वें वित्त आयोग का पैसा खर्च नहीं होने के कारणों की जांच होगी। इसके लिए बीडीओ और जिला परिषद सदस्य के नेतृत्व में जांच कमेटियां गठित कर दी गई हैं। कमेटियों को जल्द से जल्द पैसा क्यों खर्च नहीं हो पाया इसका रिव्यू करने का आदेश दिया गया है। कमेटियां एक माह में इसकी रिपोर्ट देंगी। जांच प्रक्रिया को शुरू करने के लिए एक सप्ताह में कमेटियों की बैठक होगी।
भ्यूली स्थित जिला परिषद कार्यालय सभागार में आयोजित जिला परिषद की त्रैमासिक बैठक हुई। जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में वित्त वर्ष 2023-24 के बजट का अनुमोदन किया गया। साथ ही जिला परिषद की स्थाई समितियों की बैठकों की कार्यवाही का भी अनुमोदन किया। इस मौके पर विभिन्न सदस्यों में नगवाईं से रीता देवी, कोटरोपी से रविकांत और डैहर वार्ड से कर्मचंद ने उनके वार्डों में राष्ट्रीय राजमार्ग से हो रहे नुकसान और परेशानियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वार्डों में एनएच के निर्माण से श्मशानघाट, मंदिरों और गांवों को जाने वाले रास्तों की हालत खराब हो गई है। लोगों को आने जाने में दिक्कतें हो रही हैं। कई स्थानों पर पहाड़ियों पर दीवारें नहीं लगने से मकानों और अन्य संपत्तियों को नुकसान होने का खतरा पैदा हो गया है। इस पर जिला परिषद ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को 15 दिन के भीतर समाधान करने के निर्देश दिए।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





