जिला मुख्यालय चंबा में राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द करने के विरोध में कांग्रेस ने किया धरना प्रदर्शन

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

16 अप्रैल 2023

जिला मुख्यालय चंबा में राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द करने के विरोध में कांग्रेस ने भारत सत्याग्रह धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद कांग्रेसियों ने मशाल जुलूस निकाल कर अपना विरोध जताया। प्रदर्शन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं हिमाचल प्रदेश के सह प्रभारी संजय दत्त सहित पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी विशेष तौर पर उपस्थित रहे। प्रदेश के सह प्रभारी संजय दत्त ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द करना लोकतंत्र की हत्या करने के समान है। भाजपा सरकार ने राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करने के लिए सारा षड्यंत्र रचा। इसके चलते उनकी सदस्यता रद्द की गई जो सरासर गलत है। इसके विरोध में कांग्रेस ने जय भारत सत्याग्रह आंदोलन 29 मार्च से पूरे देश में शुरू किया है। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय चंबा में आंदोलन किया गया।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को सूरत के न्यायालय ने एक माह का समय अपील के लिए दिया था लेकिन मोदी सरकार ने आनन-फानन में राहुल गांधी की सदस्यता रद्द कर दी। कहा कि राहुल गांधी ने जिन्हें चोर कहा था उन्होंने मानहानि का दावा भी नहीं किया। किसी और ने राहुल गांधी पर मानहानि का दावा किया है। केंद्र सरकार भारत देश में बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार पर बात नहीं करना चाहती जबकि भारत को धर्म, भाषा, खानपान और पोशाकों के आधार पर बांटने में सरकार कोई कसर नहीं छोड़ रही है। राहुल गांधी समूचे भारत में भारत जोड़ो यात्रा निकाल कर पूरे भारत को जोड़ने में लगे हुए हैं। इससे बौखलाए भाजपा नेताओं ने षड्यंत्र रचा है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news