जोगिंदर नगर लघु शिवरात्रि मेले की तैयारियां तेज, खेलकूद प्रतियोगिताओं को एंटी चिट्टा थीम से जोड़ा जाएगा

जोगिंदर नगर,
राज्य स्तरीय लघु शिवरात्रि मेला जोगिंदर नगर की तैयारियों को लेकर एसडीएम कार्यालय जोगिंदर नगर में स्पोर्ट्स कमेटी और व्यापार मंडल के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मेला अध्यक्ष एवं एसडीएम जोगिंदर नगर मनीश चौधरी ने की।
बैठक के दौरान एसडीएम ने व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ मेले के दौरान निकलने वाली देवताओं की भव्य जलेब के निर्धारित मार्ग को लेकर विस्तार से चर्चा की, ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं व आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
इसके अतिरिक्त एसडीएम ने स्पोर्ट्स कमेटी के साथ आगामी खेलकूद प्रतियोगिताओं की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि इस वर्ष मेले के अंतर्गत आयोजित होने वाली खेलकूद प्रतियोगिताओं को विशेष रूप से एंटी चिट्टा व एंटी ड्रग थीम के अंतर्गत आयोजित किया जाए, ताकि युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता फैल सके।
उन्होंने बताया कि इस बार वॉलीबॉल प्रतियोगिता को बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश भर की प्रमुख टीमों को भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। प्रतियोगिता को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए पुरस्कार राशि में भी वृद्धि की गई है। इसके तहत प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 51,000 रुपये, द्वितीय स्थान के लिए 31,000 रुपये तथा तृतीय स्थान के लिए 21,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
एसडीएम मनीश चौधरी ने कहा कि मेले के दौरान एंटी चिट्टा व एंटी ड्रग मुहिम के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ मेले के विभिन्न स्थलों पर जागरूकता संबंधी फ्लेक्स भी लगाए जाएंगे, ताकि समाज में नशे के खिलाफ सकारात्मक संदेश पहुंचाया जा सके।

Share the news