टायरिंग के बाद सड़क पर पीली पट्टी लगाना भूल गया लोक निर्माण विभाग।

#खबर अभी अभी सोनल ब्यूरो*

21 अक्टूबर 2024

लगभग 6 महीने पहले लोक निर्माण विभाग द्वारा कुनिहार के पुराने बस अड्डे से सपाटू सोलन मार्ग बड़ोरघाटी तक सड़क की टायरिग की गई थी। सड़क की टायरिंग होने से जहां लोगों व वाहन चालकों को सुविधा हुई तो वहीं विभाग सड़क के दोनों ओर लगने वाली पीली,सफेद पट्टी लगाना भूल गया जिससे पैदल चलने वाले लोगों व वाहन चालकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है । गौर रहे कि कुनिहार विकसित शहर है यहाँ पर थोक व रिटेल कि हर तरह की सैंकड़ों दुकानें हैं प्रतिदिन प्रदेश के अलग अलग क्षेत्रों से लोग यहां खरीददारी करने पहुंचते हैं त्योहारों व विवाह शादियों पर तो यहां अत्यधिक भीड़ रहती है।सड़क पर पीली पट्टी न होने की वजह से लोग बेतरतीब ढंग से सड़क पर कही भी गाड़ी पार्क कर देते हैं जिससे यातायात प्रभावित होता है और पैदल चलने वालों को भी परेशानी झेलनी पड़ती हैं। कई बार तो पुराना बस अड्डे से लेकर कोठी चौक तक गाड़ियों का लंबा जाम लग जाता है। क्षेत्र के समाजसेवी आर पी जोशी सहित अन्य स्थानीय लोगों ने विभाग से मांग करते हुए कहा कि यहाँ पर प्रतिदिन हज़ारों गाड़ियाँ सामान लेने के लिए हिमाचल प्रदेश के अलग अलग क्षेत्रों से आती है जिस कारण सड़कों पर लोग हर कहीं पर गाड़ी खड़ी कर देते है
यदि सड़क पर पीली या सफेद पट्टी लगी होगी तो कोई भी पट्टी के बाहर गाड़ी खड़ी नहीं करेगा, जिससे यातायात सुचारू रूप से चलता रहेगा। उन्होंने विभाग से मांग कि की इस ओर ध्यान देकर बिना किसी देरी के कुनिहार की सड़कों पर पीली पट्टी लगाने की कृपा करे जिससे प्रत्येक व्यक्ति को इस बात का पता होगा कि उसे गाड़ी कहाँ पर खड़ी करनी है। आर पी जोशी ने कहा कि इसके अलावा पुरानी पुलिस चोकी के पास विभाग द्वारा दो गति अवरोधक बनाए है जिनके ऊपर भी कोई पट्टी नहीं है जिसकी वजह से यह अवरोधक नजर ही नहीं आते उन्होंने मांग की है कि इन गति अवरोधकों पर सफ़ेद पट्टियां लगाई जाए ताकी किसी दुर्घटना या अनहोनी को टाला जा सके ।
इस बारे जब लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता शशिपाल धीमन से बात कि गई तो उन्होंने बताया कि बजट न होने कि वजह से सड़क पर पट्टी नहीं लगी जैसे ही बजट की व्यवस्था होती है यह समस्या दूर कर दी जाएगी।

Share the news