डायलिसिस के लिए अस्पताल पहुंचे किडनी के मरीज करीब एक घंटे तक हुए परेशान, डायलिसिस यूनिट के साथ न होने के चलते बिजली रही गुल

 #खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

28 मार्च 2023

नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में बिजली बोर्ड के मरम्मत कार्यों के चलते लगाए कट से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर बुरा असर देखने को मिला। डायलिसिस के लिए अस्पताल पहुंचे किडनी के मरीज करीब एक घंटे तक परेशान हुए। डायलिसिस युनिट में बिजली के तय भार न मिलने से मशीनरी भी ठप रही। इस कारण दूरदराज के मरीजों को डायलिसिस करवाने के लिए भी लंबा इंतजार करना पड़ा। अस्पताल में लाखों रुपये नए जनरेटर और ट्रांसफार्मर पर खर्च किए गए हैं। इसकी कनेक्टिविटी डायलिसिस यूनिट के साथ न होने के चलते बिजली गुल रही।

अस्पताल में हंस फाउंडेशन का नि:शुल्क डायलिसिस यूनिट एक साल से काम कर रहा है। यहां रोजाना चरणबद्ध तरीके से 10-15 मरीजों को डायलिसिस के लिए बुलाया जाता है। मंगलवार को बिजली गुल होने पर किडनी के मरीजों का परेशान होना पड़ा। जोगिंद्रनगर बिजली बोर्ड सब डिविजन एक के सहायक अभियंता शिव कुमार ने बताया कि राज्य स्तरीय देवता मेले में बिजली निर्बाध जारी रखने के लिए मरम्मत कार्य किया गया। इसके चलते शहरी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में बिजली का कट लगाया गया। इसकी जानकारी संबंधित विभागों को पहले ही दे दी थी।
एक्सरे और टेस्ट भी बाधित हुए।

 #खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news