
कुल्लू
ढालपुर क्षेत्र में मुख्य सड़क के किनारे फुटपाथ पर प्रत्येक रविवार को लगने वाली सन्डे मार्केट एवं प्रतिदिन अस्थायी रूप से लग रही दुकानों से उत्पन्न समस्याओं को लेकर व्यापार मण्डल कुल्लू ने उपायुक्त कुल्लू से मुलाकात कर कड़ा रोष व्यक्त किया और शीघ्र समाधान की मांग की । व्यापार मण्डल ने उपायुक्त को अवगत करवाया कि फुटपाथ आम जनता के आवागमन के लिए बनाए गए हैं, लेकिन वहां अस्थायी दुकानों के लगने से पैदल चलने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है । साथ ही फुटपाथ पर बनी सार्वजनिक बैठने की सुविधाएं बाधित हो रही हैं । सन्डे मार्केट के कारण सड़क पर अत्यधिक भीड़ जमा हो जाती है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है । व्यापारियों का कहना है कि इन अस्थायी दुकानों के कारण शहर के स्थायी दुकानदारों के कारोबार पर भी गंभीर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है, जबकि स्थायी दुकानदार नियमित रूप से किराया व विभिन्न कर अदा कर रहे हैं ।
इस अवसर पर व्यापार मण्डल कुल्लू ने उपायुक्त को शहर से जुड़ी अन्य प्रमुख समस्याओं से भी अवगत करवाया । मण्डल के अध्यक्ष मदन लाल सूद ने बताया कि वार्ड नंबर 3 के अंतर्गत टापू पुल से लेकर व्यासा मोड़ तक व्यास नदी के तटवर्ती क्षेत्र में जल शक्ति विभाग द्वारा स्थापित सीवरेज, वेट वेल एवं उससे जुड़े उपकरण जुलाई 2023 में आई बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हो चुके हैं । इस क्षेत्र में एचआरटीसी केलांग डिपो की वर्कशॉप, नगर परिषद कार्यालय, ट्रक यूनियन, जंजघर सहित सैकड़ों व्यापारिक प्रतिष्ठान स्थित हैं, बावजूद इसके सीवरेज सुविधा अभी तक बहाल नहीं हो पाई है । साथ ही उन्होंने बताया कि कुल्लू शहर में बेसहारा गाय-बछड़ों एवं आवारा कुत्तों की समस्या दिन-प्रतिदिन विकराल रूप धारण कर रही है, जिससे दुर्घटनाओं, गंदगी तथा जनमानस को नुकसान की आशंका बनी रहती है । इसके अतिरिक्त टिकरा बावड़ी से लेकर रामशिला गैमन पुल तक मुख्य सड़क (एमडीआर) की स्थिति भी अत्यंत जर्जर है । सड़क की निकासी नालियां क्षतिग्रस्त हैं तथा कई स्थानों पर बिजली के खंभे सड़क की ओर झुके हुए हैं, जिससे यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है ।
व्यापार मण्डल कुल्लू ने उपायुक्त कुल्लू से जनहित एवं व्यापारिक हितों को ध्यान में रखते हुए फुटपाथ पर लगने वाली सन्डे मार्केट व अस्थायी दुकानों पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा शहर की उपरोक्त सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है । इन उपरोक्त समस्याओं को लेकर व्यापार मण्डल का प्रतिनिधि मण्डल अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग, कुल्लू (हि०प्र०) व अधीक्षण अभियंता, हि०प्र० राज्य विद्युत् बोर्ड, कुल्लू (हि०प्र०) से भी मिला । इस प्रतिनिधि मण्डल में व्यापार मण्डल कुल्लू के अध्यक्ष मदन लाल सूद व मुख्य संरक्षक एवं प्रवक्ता दिनेश सेन सहित इंद्र चावला, जगदीश बंगा व अधिकांश कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे ।





