# तिरंगे को सीने से लगाकर शहीद पति की अर्थी को कंधा देकर दी विदाई |

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

3 मई 2023

तिरंगे को सीने से लगाकर शहीद पति की अर्थी को कंधा देकर रोते-बिलखते विदाई दी। वहीं, मां ने भी अर्थी को कांधा देकर अपने लाल को इस दुनिया से हमेशा-हमेशा के लिए विदा कर दिया। रूह झकझोर कर रख देने वाला यह दृश्य बल्ह उपमंडल के सरध्वार गांव में उस वक्त देखने को मिला जब शहीद संदीप कुमार की पार्थिव देह उनके घर पहुंची।

बता दें कि बीती 1 मई को संदीप कुमार असम में सैन्य अभ्यास के दौरान हुए हादसे में शहीद हो गया था। आज सुबह संदीप की पार्थिव देह उसके पैतृक गांव पहुंची तो ’’संदीप अमर रहे’’ के नारों से पूरा ईलाका गूंज उठा। अंतिम दर्शनों के लिए पार्थिव देह को घर पर रखा गया।

शहीद की मां और पत्नी पार्थिव देह को देखकर कई बार बेसुध हो गई। लेकिन हिम्मत दिखाकर वीर जवान की अर्थी को कांधा देकर विदाई दी। सरध्वार के स्थानीय शमशानघाट में शहीद संदीप कुमार का पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। प्रशासन और पुलिस की तरफ से भी अधिकारियों ने मौके पर जाकर शहीद को अंतिम विदाई दी।

सरध्वार गांव का 30 वर्षीय संदीप कुमार 10 वर्षों से सेना के ईएमई कोर में तैनात था और इन दिनों असम में तैनाती मिली हुई थी। एक महीना पहले ही संदीप अपनी छुट्टियां काटकर वापिस डयूटी पर लौटा था। संदीप अपने पीछे पत्नी, डेढ़ वर्ष का बच्चा और माता-पिता को छोड़ गया है। संदीप का छोटा भाई संजय भी सेना में ही कार्यरत है और इन दिनों हैदराबाद में तैनात है। संजय छुट्टियों पर घर आया हुआ है।

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

Share the news