
जोगिंदर नगर
उपमंडलाधिकारी (ना.) जोगिंदर नगर मनीश चौधरी ने आज यहां बताया कि ब्यास नदी पर हिमाचल प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित 191 मेगावाट क्षमता की थाना प्लौन जल विद्युत परियोजना के प्रभावितों के पुनर्वास के लिए जन सुनवाई 25 व 27 फरवरी, 2026 को रखी गई है।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत भूमि मालिकों एवं प्रभावित परिवारों के पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन के लिए भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता अधिकार अधिनियम (RFCTLARR Act), 2013 की धारा 16 की उपधारा 1, 2 एवं 3 के अंतर्गत पुनर्वास एवं पुनर्व्यवस्थापन योजना का प्रारूप तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जन सुनवाई आयोजित की जाएगी, जिसमें उपमंडल जोगिंदर नगर के अंतर्गत बनारु अबल, बनारु दोम एवं बनोगी गांव के प्रभावितों की जन सुनवाई 25, 2026 फरवरी को बनारु अबल में, जबकि चरोंझ, रोपड़ू, बल्ह एवं बनवार गांवों के प्रभावितों की जन सुनवाई 27 फरवरी, 2026 को चरोंझ में आयोजित की जाएगी।
एसडीएम ने परियोजना से प्रभावित सभी भूमि मालिकों एवं परिवारों से निर्धारित तिथियों को जन सुनवाई में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने का आग्रह किया है, ताकि वे पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन से संबंधित अपने सुझाव एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकें। उन्होंने यह भी बताया कि संबंधित गांवों की भूमि अधिग्रहण से जुड़ी समस्त जानकारी उपमंडलाधिकारी कार्यालय जोगिंदर नगर में उपलब्ध है तथा प्रभावित व्यक्ति जन सुनवाई की तिथि से पूर्व कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।





