
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
7 मार्च 2023
जिला कुल्लू के आउटर सराज क्षेत्र की दो प्रमुख सड़कें दलाश-लूहरी और अमरबाग-तांदी सड़क का जल्द कायाकल्प होगा। रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही वाली दोनों सड़कों की हालत वर्षों से खस्ता बनी हुई है। दोनों सड़कों पर दर्जनों हादसे पेश आ चुके हैं। लोक निर्माण विभाग ने दोनों सड़कों की डीपीआर तैयार कर विभाग के उच्चाधिकारियों को भेजी है। मंजूरी मिलते ही सड़कों को दुरुस्त और चौड़ा करने का कार्य शुरू होगा।
गौर हो कि क्षेत्र की दो प्रमुख सड़कें दलाश-लूहरी और अमरबाग-तांदी संकरी सड़क की हालत जल्द सुधरने वाली है। लोक निर्माण विभाग जाजर से दलाश 17 किलोमीटर और अमरबाग से तांदी 12.5 किलोमीटर सड़क को चौड़ा करने का काम जल्द शुरू करेगा। इसमें अमरबाग-तांदी सड़क की 1205.98 लाख निर्माण कार्य और 703.55 लाख रखरखाव जबकि जाजर-दलाश सड़क के लिए 1642.88 लाख रुपये निर्माण कार्य और 904.39 लाख रखरखाव की डीपीआर तैयार की है। इसके तहत दोनों सड़कों को चौड़ा करने, डंगे, कलवर्ट लगाने, निकासी नाली का निर्माण और सड़क को पक्का करने का कार्य चरणबद्ध तरीके से शुरू होगा। दलाश-लूहरी क्षेत्र की प्रमुख सड़क है। इस पर रोजाना हजारों लोग आवाजाही करते हैं। सड़क संकरी होने के कारण यहां दर्जनों वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं, जिसमें कई घरों के चिराग बुझ गए हैं।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





