
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
18 मई 2023
आईपीएल सीजन-2023 के सीजन से भले ही दिल्ली कैपिटल की टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई हो, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में दिल्ली की टीम ने इस मैदान के इतिहास का दूसरा सर्वाधिक उच्चतम 213 रन का स्कोर बना दिया। इससे पहले इस स्टेडियम पर बना सर्वाधिक स्कोर 232 रन का था, जो पंजाब की टीम ने रॉयल चैलेंजर बैंगलोर के खिलाफ साल 2011 में बनाया था। धर्मशाला स्टेडियम में बुधवार को खेले गए पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल की टीम के मैच में पंजाब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की टीम की शुरुआत बहुत अच्छी रही।
धर्मशाला में तेज पिच पर दिल्ली की टीम के बल्लेबाजों ने आते ही अपना आक्रामक रुख अपनाया। दिल्ली की टीम की ओर से ओपनिंग करने आई पृथ्वी शॉ और डेविड वॉर्नर ने मात्र 4.4 ओवर में ही 50 रन बना डाले। दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 94 रन की साझेदारी की। वहीं, दिल्ली की टीम की ओर से तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए राइलेरोसोउ ने मैदान के चारों और चौके-छक्के लगाकर मैदान में मौजूद क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचित कर दिया। पृथ्वी शॉ ने 54, वॉर्नर ने 46 और रोसोउ ने तूफानी 37 गेंद में 82 की पारी खेलकर दिल्ली की टीम को 213 रन के स्कोर तक पहुंचा दिया। जो धर्मशाला स्टेडियम के इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। दिल्ली कैपिटल ने 15 रन से पंजाब किंग्स को हराया। पंजाब की तरफ से लियाम लिविंगस्टोन ने तूफानी पारी खेलते हुए 48 गेंदों में 94 बनाए।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





