
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
24 अक्तूबर 2023

इस बार की दिवाली कांगड़ा के लिए सियासी मायनों में महत्वपूर्ण रह सकती है। कांगड़ा को जल्द ही मंत्री पद की सौगात मिलने के संकेत हैं। हालांकि, मंत्री पद का ताज किसके सिर सजेगा, इस सवाल का जवाब अभी तलाशा जा रहा है। इस बीच कांगड़ा के बहाने कैबिनेट का विस्तार जल्द करने का संकेत देकर सीएम ने सियासी कयासबाजी और चर्चाओं का बाजार एक बार फिर गर्मा दिया है। सूत्रों के अनुसार हिमाचल के प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला के साथ मुख्यमंत्री सुक्खू की धर्मशाला के पांच सितारा होटल रेडिसन ब्लू में बैठक हुई।
बताया जा रहा है कि इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी और विधायक सुधीर शर्मा भी कुछ समय के लिए मौजूद रहे। बंद कमरे में करीब पौने घंटे तक चली बैठक में प्रदेश में आई आपदा, राहत व पुनर्वास कार्यों के अलावा आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन किया गया। प्रदेश में बहुप्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार का बिंदु भी चर्चा में शामिल रहा। बैठक के बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि कांगड़ा को मंत्री पद पक्का मिलेगा। बताया जा रहा है कि धर्मशाला में राजीव शुक्ला के साथ बैठक का तानाबाना एक हफ्ता पहले ही बुन लिया गया था।
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*





