# दिहाड़ीदार की बेटी स्वाति ने दी विपरीत परिस्थितियों को मात |

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

26 मई 2023

 हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित किए गए दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में राजकीय आदर्श कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चम्बा की छात्रा स्वाति ने 97.28 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश भर में स्कूल का नाम चमकाया है। स्वाति ने 700 में से 681 अंक हासिल किए हैं। शुक्रवार को स्कूल परिसर में आयोजित सादे समारोह में स्वाति को प्रधानाचार्य विकास महाजन ने सम्मानित किया।

उन्होंने स्वाति को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं देने के साथ- साथ उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की। विकास ने कहा कि सराहन पंचायत की रहने वाली स्वाति एक साधारण परिवार से सबंध रखती है। उसके पिता दिहाड़ीदार हैं और माता गृहिणी हैं।

स्वाति ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद भी हिम्मत दिखाते हुए कठिन परिश्रम किया और मेहनत के दम पर यह सफलता पाई है। हालांकि कुछ ही अंकों से स्वाति मेरिट में स्थान पाने से चूक गई है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि 11वीं और 12वीं कक्षा में वह प्रदेश के अव्वल विद्यार्थियों की सूची में अवश्य शामिल होगी। विकास ने कहा कि स्कूल में कन्याओं को बेहतरीन शिक्षा प्रदान करने का पूर्ण प्रयास किया जा रहा है।

इसके दम पर ही बाहरवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में स्कूल की छात्रा दीवांक्षी ने मेरिट सूची में स्थान हासिल किया था। वहीं, स्वाति ने अपनी इस सफलता का श्रेय अभिभावकों सहित स्कूल के समस्त स्टाफ को दिया है। स्वाति का कहना है कि अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए वह कठिन परिश्रम करेगी। बहरहाल, स्वाति की इस सफलता की खबर फैलते ही उसे व उसके अभिभावकों को बधाई देने वालों का तांता लग गया है।

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

Share the news