
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन
17 अप्रैल 2023

बीते दिन पूरे देश ने डॉ. बीआर अंबेडकर की 132वीं जयंती मनाई और उनकी स्मृति में संसद भवन में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रत्येक राज्य से सात युवाओं को भाषण देने का मौका मिला। इसमें नेहरू युवा केंद्र सोलन से दीक्षांत शर्मा ने हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया।
उन्होंने भारत को और समृद्ध और साकार बनाने के लिए अंबेडकर के सिद्धांतों और नैतिकता को लागू करने में युवाओं की भूमिका पर जोर दिया।
इस दौरान दीक्षांत को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिलने का अवसर मिला और उन्होंने हिमाचल की संस्कृति बारे चर्चा की। इसके अलावा उन्होंने लोकसभा के महासचिव आईएएस उत्पल कुमार सिंह से भी बात की।
उन्होंने पूछा कि इस तरह के आयोजनों में युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी को कैसे प्रोत्साहित किया जा सकता है, इस पर दीक्षांत ने कम उम्र से ही अनुसंधान और विकास को बढ़ावा देने के महत्व पर प्रकाश डाला और सुझाव दिया कि युवा शोधकर्ताओं को भी अपना काम को पेश करने के लिए एक ऐसा ही मंच दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पृष्ठभूमि के छात्रों को ऐसी गतिविधियों के लिए अधिक अवसर प्रदान किए जाने चाहिए।
बता दें कि दीक्षांत सुबाथू के समीप एक छोटे से गांव खालटू से है। वर्तमान में वह बीए ऑनर्स के अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं। इसके अलावा अनुसंधान के क्षेत्र में भी सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। मेहनतकश दीक्षांत शर्मा कई पुरस्कार जीत चुके हैं।
हिमाचल के लिए यह बहुत गर्व की बात है कि उन्होंने संसद में भाषण देकर परिजनों, शिक्षकों और सभी को गौरवान्वित किया। नेहरू युवा केंद्र सोलन की उप निदेशक ईरा प्रभात ने दीक्षांत की इस उत्कृष्ट प्रस्तुति की सराहना की और भविष्य में उनकी सफलता की कामना की।
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन





