
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
8 अप्रैल 2023
दुनियाभर में बर्फानी तेंदुए की मौजूदगी कम हो रही है, वहीं हिमाचल में इस दुर्लभ प्रजाति के वन्य प्राणी की संख्या बढ़ने लगी है। यह पर्यावरण व वन्य प्राणी संतुलन के लिए अच्छी खबर है। हिमाचल के राज्य जानवर बर्फानी तेंदुए की सबसे अधिक मौजूदगी लाहौल-स्पीति में पाई गई है। ऐसे में अब वन विभाग जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में बर्फानी तेंदुए की गणना करने जा रहा है। इसे पहले 2018 को नेचर कंजर्वेशन फाउंडेशन ने ट्रैप कैमरे लगाकर गणना की थी।
कैमरों में ट्रैप करने के बाद 52 से 73 तक बर्फानी तेंदुए होने की पुष्टि हुई थी।बर्फानी तेंदुए पर्यावरण और वन्य प्राणी को संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। खुले में रहने वाले ये जानवर प्रकृति के संतुलन में अपनी भूमिका निभाता है। साथ ही अन्य प्रजातियों की आबादी को नियंत्रित करते हैं। बर्फानी तेंदुए की संख्या घटने से अब यह विश्व के चुनिंदा क्षेत्रों में पाया है। बताया जा रहा है कि यह तेंदुआ अब 10 से 12 देशों में ही पाया जाता है और यहां भी इसकी संख्या कम हो रही है।
बहरहाल अब वन विभाग बर्फानी तेंदुए की वास स्थली कहे जाने वाले जनजातीय जिले लाहौल स्पीति में इसकी गणना करने जा रहा है। इस संदर्भ में वन विभाग सरकार को एक प्रस्ताव भेजने की तैयारी कर रहा है। वनमंडलाधिकारी लाहौल आईएफएस अनिकेत बानवे ने कहा कि वन विभाग इस साल घाटी में बर्फानी तेंदुए की गणना करेगा। इससे दुर्लभ तेंदुए की संख्या का पता लगेगा।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





