
पधर (द्रंग)
विकास खंड द्रंग की ग्राम पंचायत चेली में आयोजित चेली महोत्सव का विधिवत शुभारंभ देव रामपाल ब्रह्मा की भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। चैहड़गलू से चेली पंचायत कार्यालय तक निकाली गई इस शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बन गया।
महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर एसडीएम पधर सुरजीत सिंह ने बतौर मुख्यातिथि तथा समाजसेवी राजा सिंह मल्होत्रा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। पंचायत की पूर्व प्रधान चंपा ठाकुर ने मुख्यातिथि एवं अन्य गणमान्य लोगों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद सैनिक जय सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद देशभक्ति गीतों से पंडाल गूंज उठा और माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया। मुख्यातिथि एसडीएम सुरजीत सिंह ने दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मेले और तीज-त्यौहार हमारी समृद्ध संस्कृति के प्रतीक हैं, जो परंपराओं को जीवित रखने के साथ-साथ समाज में भाईचारा और एकता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय लोगों के प्रयासों की सराहना की।
बारिश के बावजूद ग्रामीणों में महोत्सव को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। महिला मंडलों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। महिला मंडल कदरयाला द्वारा सेना की पोशाक में दी गई देशभक्ति प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर पंचायत के पूर्व उपप्रधान प्रेम सिंह प्रीतू सहित आयोजन समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने बताया कि आगामी दिनों में महोत्सव के तहत विभिन्न सांस्कृतिक और खेल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।





