
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
20 मई 2023
हिमाचल पथ परिवहन निगम का केलांग डिपो दो जून से देश के सबसे लंबे और ऊंचाई वाली रूट लेह-दिल्ली के बीच बस का संचालन करेगा। निगम प्रबंधन को जिला प्रशासन से अनुमति मिलते ही लेह के लिए बस संचालन शुरू होगा। जिला प्रशासन ने एक जून से मनाली-सरचू-लेह सड़क को सभी वाहनों के खोलने की अनुमति दी है। बशर्ते, उस ओर परिस्थितियां अनुकूल रहें।

पिछले वर्ष 15 जून को दिल्ली-मनाली-सरचू-लेह के लिए बस सेवा शुरू हुई थी। इस बार समय से पहले बस शुरू होगी। इससे निगम के नाम एक नया रिकॉर्ड बनेगा। लेह से दिल्ली 1,026 किलोमीटर का सफर यात्री मात्र 1,740 रुपये में कर सकेंगे। 30 घंटे की अवधि वाले इस रूट पर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश व लेह लद्दाख घूमने का अवसर मिलता है।
इस बार देश-विदेश के पर्यटक जून के शुरुआती दिन में ही लेह-दिल्ली के बीच बस के रोमांचक सफर का आनंद लेंगे। एचआरटीसी केलांग डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक अंशित शर्मा ने बताया कि अगर एक जून को सरचू होते हुए लेह के लिए सभी वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाती है। ऐसे में दो जून से दिल्ली-लेह के बीच बस सेवा शुरू कर दी जाएगी।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





