धर्मपुर में नशे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्विफ्ट डिजायर से 19.68 ग्राम चिट्टा बरामद, दो युवक गिरफ्तार

धर्मपुर: जिला पुलिस की एसआईयू (SIU) टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना धर्मपुर के तहत दो युवकों को चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर देर रात कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोका गया, जिसमें सवार दो युवकों के कब्जे से 19.68 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। पुलिस टीम ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में पुलिस थाना धर्मपुर में मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर पुलिस कब्जे में ले लिया गया है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों के साथ एक तीसरा युवक भी मौजूद था। पुलिस को देखकर जैसे ही गाड़ी रोकी गई, वह रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को 11 मार्च 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। साथ ही आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।

Share the news