
शिमला |
हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ होते ही जनजीवन को धीरे-धीरे राहत मिलने लगी है। पहाड़ों में धूप खिलने के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) ने बीते 24 घंटों में कड़ी मशक्कत करते हुए 170 सड़कों को बहाल कर दिया है। हालांकि, भारी बर्फबारी के चलते प्रदेश में अब भी 482 सड़कें यातायात के लिए बंद पड़ी हैं।
राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद सड़कों पर जमी बर्फ हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है। खासकर लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, चंबा और शिमला के ऊपरी क्षेत्रों में अब भी आवाजाही पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाई है।
सोलंगनाला में धूप-बर्फ के बीच सैलानियों की मौज
मौसम साफ होते ही सोलंगनाला में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे। धूप और बर्फ के अनोखे संगम के बीच सैलानियों ने बर्फ से ढकी वादियों में खूब मस्ती की। स्नो एक्टिविटीज़ के चलते पर्यटन स्थलों पर रौनक लौट आई है।
इसी बीच मौसम विभाग का अलर्टभी है
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि अगले तीन दिनों में फिर बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। इसके चलते 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों और पर्यटकों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है
प्रशासन का कहना है कि बंद सड़कों को खोलने के लिए मशीनरी और कर्मियों को तैनात किया गया है। बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।





