#नगर निगम सोलन पर कब्जा करना बीजेपी के लिए टेढ़ी खीर

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

15 अक्तूबर 2023

नगर निगम सोलन के मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव को लेकर एक तरफ कांग्रेस में घमासान मचा है वहीं बीजेपी के लिए निगम पर कब्जा करने का सपना टेढ़ी खीर लग रहा है। दोनों पदों के लिए कांग्रेस और भाजपा में लॉबिंग शुरू हो गई है। नगर निगम में इस समय भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों के पार्षद गुटों में बंटे हुए हैं। ऐसे में मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव काफी रोचक होने वाले हैं। दोनों ही पक्षों से अभी तक किसी का भी नाम मेयर पद के लिए सामने नहीं आया है। हालांकि कांग्रेस ने शुरू में अढ़ाई-अढ़ाई साल के फार्मूले पर पहले पूनम ग्रोवर और उसके बाद सरदार सिंह ठाकुर को मेयर बनाने की बात कही थी। हालांकि यह लिखित तौर पर नहीं कहा गया था।

ऐसे में अन्य वरिष्ठ पार्षद थी मेयर की दावेदारी जाता सकते हैं। इसमें कांग्रेस की पार्षद उषा शर्मा का नाम सबसे आगे चल रहा है। वहीं डिप्टी मेयर के चुनाव को लेकर भी कांग्रेस में तीन से चार दावेदार हो सकते हैं। पार्टी नेताओं की पूर्व में कई गई कमिटमेंट में राजीव कौड़ा के बाद अभय शर्मा, संगीता ठाकुर और ईशा पराशर को 15-15 महीने के लिए डिप्टी मेयर बनाने की सहमति बनी थी। वहीं भाजपा ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोलें हैं। पार्टी नेताओं का दावा है कि वह मेयर पद के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगे हालांकि भाजपा के पास 9 पार्षदों का जादुई आंकड़ा नहीं है। पर एक निर्दलीय पार्षद का समर्थन जरूर है। निगम में कुल निर्वाचित 17 पार्षदों में से कांग्रेस 9 और भाजपा 8 सीटों पर काबिज है जबकि एक पार्षद निर्दलीय है।

कांग्रेस को विधायक के वोट का वीटो पावर भी है। यही कारण है कि भाजपा के लिए मेयर का चुनाव टेढ़ी खीर लग रही है। बताया जा रहा है कि भाजपा वार्ड 6 की पार्षद रेखा साहनी को मेयर और वार्ड 16 की पार्षद सीमा को डिप्टी मेयर का उम्मीदवार बनाने जा रही है। कुल मिलाकर कांग्रेस के पक्ष में ही हवा है लेकिन कांग्रेस 5 और 4 पार्षदों के गुट में बंटी है। कोई भी एक दूसरे को समर्थन देने की हक में नहीं है।
इसका सबसे बड़ा कारण 4 पार्षदों का बीजेपी के समर्थन से मेयर और डिप्टी मेयर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाना है। पर बहुमत का आंकड़ा नहीं होने के चलते यह प्रस्ताव हाउस में आने से पहले ही गिर गया। अब प्रदेश सरकार के लिए भी मेयर का चुनाव करवाना प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news