
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन
11 मई 2023

पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग पर शंभूवाला के समीप लोक निर्माण विभाग की भूमि पर अवैध कब्जे किए जा रहे हैं, जिस पर स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। लोगों का यह कहना है कि इन अवैध कब्जों के बाद सालों पहले बने रिहायशी मकानों को जाने वाली सड़क भी बंद हो गई, जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले यहां से लोक निर्माण विभाग की सड़क गुजरती थी। मगर राष्ट्रीय राजमार्ग बनने के बाद इस सड़क का इस्तेमाल बन्द हो गया, जिसके बाद लोगों ने इस पर अवैध कब्जे शुरू कर दिए। लोगों ने बताया कि कई बार मरीजों को अस्पताल तक ले जाने में परेशानी होती है, क्योंकि अवैध कब्जों के कारण वाहन घर तक नहीं पहुंच पाते है।
स्थानीय लोगों ने यह भी कहा कि यहां कई साल पहले यहां रिहायशी मकानों के बीच ब्लॉक का एक भवन बनाया गया था। मगर लंबे समय से यह भवन खस्ताहाल में है, जो कभी भी गिर सकता है। लोगों ने बताया कि खस्ताहाल में यह भवन नशेड़ियों का अड्डा भी बना हुआ है। ऐसे में इस भवन को गिराने की भी माँग की जा रही है।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि इस बारे में लोक निर्माण विभाग को पहले भी शिकायत दी जा चुकी है। मगर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन





