“निकम्मी और जनविरोधी सुखू सरकार को उखाड़ फेंकने का समय”—पंचायत चुनाव से लेकर फैसलों तक कांग्रेस पर भाजपा का बड़ा हमला

मंडी:
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आज प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी पिछले छह महीनों से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और आज पार्टी पूरी तरह से चुनावी मोड में तैयार खड़ी है।
उन्होंने बताया कि भाजपा ने प्रदेश, जिला, मंडल और बूथ स्तर तक संगठन का व्यापक विस्तार किया है। प्रदेश में 171 मंडलों का गठन किया गया है और लगभग 8000 पोलिंग बूथों में संगठनात्मक ढांचा खड़ा किया जा चुका है। इसके साथ ही मोर्चों और प्रकोष्ठों का भी सफल गठन कर पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत किया गया है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि इसी कड़ी में भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक मंडी में आयोजित की जा रही है, जिसमें 6 अप्रैल को पदाधिकारियों की बैठक तीन चरणों में होगी और 7 अप्रैल को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक संपन्न होगी। इस बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा तथा सह-प्रभारी संजय टंडन विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है और हिमाचल प्रदेश को केंद्र सरकार से लगातार सहयोग मिल रहा है। प्रदेश कार्यसमिति में इस विषय पर विशेष प्रस्ताव लाकर चर्चा की जाएगी।
कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि वर्तमान सरकार ने अपने 40 महीनों के कार्यकाल में प्रदेश की जनता को केवल परेशान करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि “यह सरकार फैसले कम और तमाशे ज्यादा करती है—कभी हास्यास्पद, कभी गैरकानूनी और कभी पूरी तरह जनविरोधी निर्णय लेना इसकी पहचान बन गई है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को ताक पर रखकर काम कर रही है और पंचायत चुनावों को टालने के लिए हरसंभव प्रयास किए गए। यहां तक कि सर्वोच्च न्यायालय तक करोड़ों रुपये खर्च कर चुनाव रोकने की कोशिश की गई, लेकिन असफल रहने के बाद अब चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की साजिश रची जा रही है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि जिलाधीशों को 5% आरक्षण में बदलाव की शक्ति देना संविधान के प्रावधानों के खिलाफ है और यह चुनावी रोस्टर में बड़े स्तर पर छेड़छाड़ का रास्ता खोलता है।
उन्होंने कहा, “यह 5% नहीं, पूरा सिस्टम बदलने का रास्ता है—कांग्रेस अपनी सुविधा के अनुसार चुनाव परिणाम प्रभावित करना चाहती है।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार “मित्रों की सरकार” बन चुकी है—“मित्रों के द्वारा, मित्रों के लिए और मित्रों के हित में फैसले लिए जा रहे हैं।”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली पूर्व भाजपा सरकार ने जो जनहितकारी योजनाएं शुरू की थीं, उन्हें वर्तमान सरकार ने केवल राजनीतिक द्वेष के कारण बंद कर दिया, जिससे आम जनता को भारी नुकसान हुआ।
उन्होंने कहा कि भाजपा अब विधानसभा में उठाए गए सभी मुद्दों को जन-जन तक ले जाएगी और प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद व्यापक आंदोलन और जनसंपर्क अभियान की रणनीति तैयार की जाएगी।
“अब भाजपा ने स्पष्ट निर्णय ले लिया है—यह लड़ाई सीधी है और लक्ष्य है इस निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकना,” उन्होंने कहा।
रोपवे मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि आपदा के बाद 20 पंचायतों के लिए यह एकमात्र संपर्क माध्यम बचा है, लेकिन किराए में भारी बढ़ोतरी चिंता का विषय है। भाजपा इस मुद्दे को गंभीरता से उठाएगी और सरकार से पुनर्विचार की मांग करेगी।
अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के दम पर आगामी चुनावों में प्रचंड जीत हासिल करेगी और कांग्रेस को ऐसी हार का सामना करना पड़ेगा, जैसी पहले कभी नहीं हुई। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश कार्यसमिति की यह बैठक आने वाले समय की राजनीतिक दिशा तय करेगी और भाजपा को और अधिक मजबूत बनाएगी।

Share the news