
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
28 सितंबर 2022
#जब हमें फाइल से कोई लेना देना नहीं तो क्यों किया जा रहा परेशान*
#निगम कर्मचारियों की हुई हड़ताल से निगम कार्यालय में आने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है।*
पालमपुर (कांगड़ा)। नगर निगम पालमपुर में गुम हुई कार्यवाही की फाइल को लेकर अब नगर गिगम के कर्मचारियों ने पेनडाउन हड़ताल शुरू कर दी है।
मंगलवार को हड़ताल पर उतरे सभी कर्मचारियों ने कोई काम नहीं किया। वे सारा दिन हड़ताल पर बैठे रहे। कर्मचारियों में इस बात का रोष है कि नगर निगम कार्यालय में हाउस की बैठक की जो फाइल गुम हुई है, उसमें उन्हें क्यों परेशान किया जा रहा है, जबकि इस फाइल से कर्मचारियों को कोई लेना देना नहीं है। नगर निगम कार्यालय से गुम हुई फाइल के चलते मेयर और दो अन्य कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस थाना में एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
कर्मचारियों के खिलाफ गुम हुई फाइल के चलते पुलिस में दर्ज करवाई एफआईआर से गुस्साए कर्मचारियों ने साफ कह दिया है कि जब तक उन्हें इस मामले में इंसाफ नहीं मिलता है, तब तक वे हड़ताल पर बैठेंगे। इस बाबत उन्होंने नगर निगम के आयुक्त को एक अपना मांग पत्र सौंप दिया है। इसमें उन्होंने साफ कहा कि नगर निगम की गुम हुई फाइल से उन्हें कोई लेना देना नहीं है। इस मामले में उन्हेें बिना बेवजह परेशान किया जा रहा है। नगर
जबकि थाना में दर्ज हुए मेयर और दो अन्य कर्मचारियों के खिलाफ इस फाइल को लेकर भाजपा और कांग्रेस समर्थित नगर निगम पार्षद पहले ही एक-दूसरे के सामने आ चुके हैं। फाइल गुम होने का आरोप दोनों एक दूसरे पर लगा चुके हैं, जबकि अब इस प्रकरण से परेशान कर्मचारी भी हड़ताल पर उतर आए हैं। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस समर्थित नगर निगम और भाजपा के बीच चली खींचतान से अंदरखाते कर्मचारी भी परेशान हैं। लिहाजा, उनकी परेशानी का दर्द मंगलवार को सामने आ ही गया और सभी कर्मचारी हड़ताल पर बैठ गए।
कर्मचारियों की समस्या का किया जाएगा हल : आयुक्त
नगर निगम के आयुक्त डॉ. विक्रम महाजन ने कहा कि कर्मचारियों की ओर से उन्हें एक पत्र मिला है। उसे लेकर उन्होंने विभाग के निदेशक से भी चर्चा की है और एक प्रतिलिपि निदेशक और सचिव को भेज दी है। कहा कि कर्मचारियों की जो भी समस्या है, उसका हल करने की पूरी कोशिश की जाएगी। कहा कि वह इस बारे में कर्मचारियों से भी बात करेंगे।





