
शिमला : पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने नितिन नबीन के भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर निर्वाचन को लेकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे भाजपा और भारत दोनों के लिए गर्व का विषय बताया है।
अनुराग सिंह ठाकुर ने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय में नितिन नबीन से भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के छह वर्षीय कार्यकाल को अत्यंत सफल बताते हुए उनके योगदान के लिए आभार प्रकट किया।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनाने का श्रेय इसके समर्पित कार्यकर्ताओं को जाता है। हिमाचल प्रदेश से आने वाले जगत प्रकाश नड्डा ने अपने नेतृत्व में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। विधानसभा, लोकसभा और स्थानीय निकाय चुनावों में मिली सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और नड्डा के संगठनात्मक कौशल का परिणाम है। उनका कार्यकाल पार्टी हित में ऐतिहासिक और प्रशंसनीय रहा।
उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी। भारत की युवा आबादी को देखते हुए 45 वर्षीय नितिन नबीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना एक दूरदर्शी निर्णय है। पांच बार विधायक, छत्तीसगढ़ व सिक्किम जैसे राज्यों के प्रभारी, युवा मोर्चा में महामंत्री और दो बार कैबिनेट मंत्री के रूप में नितिन नबीन की कार्यशैली प्रभावशाली रही है।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा राजनीति में युवाओं को आगे लाने की सोच को नितिन नबीन के नेतृत्व से मजबूती मिलेगी। उनके अध्यक्ष बनने से युवाओं, विशेषकर जेन-जी में सकारात्मक संदेश गया है और यह स्पष्ट हुआ है कि भाजपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि नितिन नबीन के व्यापक राजनीतिक अनुभव से पार्टी को आगामी चुनावों में मजबूती मिलेगी और विकसित भारत के लक्ष्य को और गति मिलेगी।





