# नीट 2023 की परीक्षा को लेकर जिला में 5 केंद्र हुए स्थापित |

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

6 मई 2023

 NEET 2023 मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट कल 7 मई को देश भर में आयोजित होगी। इसी के तहत हमीरपुर जिला में भी परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। हमीरपुर के डीएवी पब्लिक स्कूल में आज प्रवेश परीक्षा के मद्देनजर पर्यवेक्षकों और परीक्षा केंद्रों के प्रमुखों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विस्तृत रूप से परीक्षा केंद्रों में उठाए जाने वाले एहतियातन कदमों पर भी विस्तृत जानकारी दी गई।

बैठक की अध्यक्षता डीएवी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य विश्वास शर्मा ने की। उन्होंने बताया कि नीट 2023 के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है और 7 मई को दोपहर दो बजे से शाम 5.20 बजे तक चलेगी। परीक्षार्थियों को केंद्रों पर आधा घंटा पहले तक यानी 1.30 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी इंतजाम कर दिए गए हैं।

डीएवी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य विश्वास शर्मा ने बताया कि नीट के लिए हमीरपुर जिला में 5 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिनमें डीएवी पब्लिक स्कूल हमीरपुर डीएवी पब्लिक स्कूल कांगू डीएवी पब्लिक स्कूल आलमपुर कैरियर पॉइंट यूनिवर्सिटी और सेवन स्टार स्कूल बणी शामिल है। उन्होंने बताया कि जिला हमीरपुर में 1657 छात्र नीट परीक्षा में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि सभी सेंटरों में सीसीटीवी कैमरों के अलावा मोबाइल जैमर सहित अन्य व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि एनटीए ने नीट परीक्षा को लेकर ड्रेस कोड समेत कुछ गाइडलाइंस जारी किए है उसी के मद्देनजर छात्रों को परीक्षा केंद्रों में भेजा जाएगा।

गौरतलब है कि नीट परीक्षा के जरिए छात्र देश भर के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस, बीएएमएस, बीएसएमएस, बीयूएमएस और बीएचएमएस समेत विभिन्न कोर्सेज में एडमिशन ले सकेंगे। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने परीक्षा से पहले स्टूडेंट्स के लिए एग्जाम को लेकर दिशानिर्देश जारी किए हैं।

ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन

Share the news