
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
25 जुलाई 2023

जहां एक तरफ चक्की पुल के बंद होने पर हिमाचल में त्राहि माम मचा हुआ है। आम जन मानस कई किलोमीटर का लंबा चक्कर काटकर जा रहें हैं। अवैध खनन की भेंट चढ़े इस पुल के कारण व्यापार ही नहीं सुरक्षा व्यवस्था पर भी असर पड़ता है। तो वहीं अवैध खनन माफिया अभी भी बेधड़क होकर आधी आधी रात को दर्जनों जेसीबी मशीनें व बड़े बड़े टिपर लेकर खनन में संलिप्त हैं। खनन माफिया इस कदर बेखौफ है कि उसे न तो संबंधित विभाग का डर है न पुलिस प्रशासन का, किसके इशारे पर इस तरह हमारी संपदा का चीर हरण किया जा रहा हैं। यह आम जनता के लिए अभी भी पहेली बना हुआ है। मगर बावजूद इसके जिला पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न के नेतृत्व में खनन माफिया पर लगातार प्रहार जारी है। दिन हो या रात सुबह हो या शाम जिला पुलिस प्रशासन लगातार अवैध खनन पर तगड़े प्रहार कर रही है।
नूरपुर डीएसपी ने बताया की बीती रात जिला पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर लगभग आधी रात को दबे पांव झिकली खन्नी के ब्राह्मणा नाले में दबिश दे कर अवैध खनन में संलिप्त 8 जेसीबी मशीनें व 08 बड़े टिपरों को जब्त किया है। जानकारी देते हुए डीएसपी विशाल वर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि झिकली खन्नी के ब्राह्मणा नाले में दर्जनों मशीनें और टिप्परों ने कोहराम मचाया हुआ है। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो देखा कि दर्जनों पंजों द्वारा सरकारी संपत्ति का चीरहरण किया जा रहा था। कानून व्यवस्था को तार तार कर खड्ड के सीने को माफिया के इशारे पर नोंचा जा रहा था। पुलिस टीम ने धारा 379, 34 व 21 खनन और खनिज अधिनियम में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





