नेरचौक में सुमन चौधरी का भव्य स्वागत, महिला विंग की प्रदेश चेयरपर्सन बनने पर सम्मान

नेरचौक में बल्ह विधानसभा क्षेत्र से संबंध रखने वाली सुमन चौधरी के अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार महासंघ की महिला विंग की प्रदेश चेयरपर्सन नियुक्त होने पर भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सुमन चौधरी का जोरदार अभिनंदन किया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महासंघ की अंतर्राष्ट्रीय चेयरपर्सन नीलम ठाकुर उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में Anti Corruption Foundation of India के हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र शर्मा, जिला मंडी के प्रधान रोहित कौशल तथा राज्य मुख्य निदेशक पवन देवगन ठाकुर ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज करवाई। बल्ह विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से आए महिला मंडलों, पंचायत प्रधानों और प्रतिनिधियों ने नेरचौक पहुंचकर नवनियुक्त प्रदेश चेयरपर्सन का फूल-मालाओं से स्वागत किया।

सुमन चौधरी ने इस अवसर को अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और उनके सशक्तिकरण के लिए सदैव तत्पर रहेंगी तथा संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने का प्रयास करेंगी।

कार्यक्रम के दौरान होली मिलन समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं।

महासंघ का मुख्य कार्यालय हरियाणा के करनाल में स्थित है तथा इसके सदस्य देश-विदेश में समाजसेवा के विभिन्न कार्यों में सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं।

Share the news