
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
9 सितंबर 2023

निगुलसरी के 26 सेक्टर में वीरवार रात को पहाड़ी से भूस्खलन होने से बागवानों की वर्ष भर की मेहनत पर पानी फिरने के आसार बढ़ गए हैं। सड़क का करीब 400 मीटर हिस्सा ध्वस्त होने से बागवानों की सेब की फसल टापरी मंडी में फंस गई है। किसानों-बागवानों को अपनी नकदी फसल मंडी पहुंचाने की चिंता सता रही है। हालांकि जिले के किसानों-बागवानों की सेब और मटर की फसल मंडी पहुंचाने के लिए छोटा कंबा के पास स्पेन लगाया जा रहा है।
गौर हो कि किन्नौर जिले के किसानों-बागवानों की आर्थिकी का मुख्य साधन सेब और मटर की फसल निगुलसरी में एनएच बाधित होने के कारण फंस गई है। जिले के टापरी स्थित एकमात्र फल मंडी में बागवानों की करीब 12 हजार सेब की पेटियों फंस गई हैं। इनमें करीब 10 हजार पेटियां ट्रकों और छोटे वाहनों में लोड की गई हैं, जबकि बागवानों की ढाई हजार पेटियां मंडी में फंसी हुई हैं। ऐसे में बागवानों और आढ़तियों की परेशानियां बढ़ गई हैं।






