
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन
19 जनवरी 2023
वाहन चालक हो रहे परेशान, सरकार से सड़क दुरुस्त करने की उठाई मांग
सड़क पर पड़े बड़े-बड़े गड्ढे, उनमें हिचकोले खाती गाडिय़ां और इन गड्ढों से बचकर निकलते दोपहिया वाहन चालक। यह आलम है सोलन-नौणी मुख्य सड़क मार्ग का, जो पिछले काफी समय से बदहाली के आंसू बहा रहा है। इस सड़क को देखकर यह अनुमान लगाना मुश्किल हो जाता है कि यहां सड़क पर गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क है।
वाहन चालक आशीष का कहना है कि राजगढ़ से सोलन जाने वाली इस सड़क की काफी समय से खस्ता हालत में है और सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे पड़े हुए हैं, जिस कारण काफी परेशानी होती है। वहीं स्थानीय निवासी जितेंद्र शर्मा का कहना है कि उनकी सड़क के बहुत बुरे हाल है। उनकी पंचायत एक निर्मल पंचायत है, लेकिन सड़क के खस्ताहाल के चलते यहां बहुत बुरे हाल हो चुके हैं। उन्होंने सरकार से गुहार लगाई कि इस सड़क को जल्द से जल्द ठीक किया जाए।
बता दें कि सोलन से राजगढ़ की ओर जाने वाली इस सड़क पर रोजाना हजारों छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही लगातार रहती है। इतना ही नहीं कई शैक्षणिक संस्थानों और देश के जाने-माने डा. वाईएस परमार विश्वविद्यालय तक पहुंचने का एकमात्र जरिया भी यही सड़क है। ऐसे में इसके खस्तहाल होने के चलते यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को खासकर दोपहिया वाहन चालकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है और कई बार तो गड्ढों को बचाने के चलते यहां हादसे भी हो चुके हैं। वाहन चालकों ने सड़क को जल्द से जल्द दुरुस्त करने की सरकार से गुहार लगाई है।
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन






