
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन
4 जुलाई 2023
हिमाचल प्रदेश राज्य श्रमिक कल्याण बोर्ड के सदस्य और यूनियन के राज्य महासचिव भपेंद्र सिंह और मनरेगा मजदूर यूनियन के प्रधान करतार सिंह चौहान, किसान सभा के अध्यक्ष रणताज राणा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल बीडीओ धर्मपुर से मिला और उन्हें मनरेगा मजदूरों की मांगों के बारे मांग पत्र सौंपा। यूनियन पदाधिकारियों और बीडीओ के बीच चर्चा के बाद मौके पर ही निर्णय लेते हुए हर माह की 10 तारीख को मनरेगा रोजगार दिवस मनाने बारे आदेश जारी कर दिए गए। इस दिन सभी इच्छुक मजदूर व्यक्तिगत या सामूहिक रूप में पंचायत में आकर काम मांग सकेंगे और उन्हें इस आवेदन के आधार पर 15 दिन में काम मुहैया कराया जाएगा। यदि दस तारीख को अवकाश हो तो अगले दिन यह दिवस मनाया जाएगा।
भूपेंद्र सिंह ने बताया कि यूनियन ने बीडीओ से यह भी मांग उठाई कि पंचायतों में जनरल हैड के काम भी मनरेगा मजदूरों से ही करवाए जाएं, जो वर्तमान में ठेके पर करवाए जा रहे हैं। बीडीओ ने इस बारे जल्द ही पंचायतों को दिशा-निर्देश जारी करने के लिए कहा है। इसके अलावा सभी पंचायतों को सीमेंट की सप्लाई करने और मजदूरों को काम करने के लिए औजार उपलब्ध कराने, जिला परिषद, पंचायत समिति, विधायक और सांसद निधि के लंबित कार्यों को समयानुसार करवाने की भी मांग उठाई गई।
यूनियन नेताओं ने मनरेगा मजदूरों को इस वित्त वर्ष में 198 रुपए खाते में पडऩे बारे में भी सवाल उठाए, जिस पर बीडीओ ने बताया कि इस वर्ष मनरेगा की दिहाड़ी 240 रुपए हो गई है, जिसमें 216 रुपए केंद्र सरकार व 24 रुपए राज्य सरकार का हिस्सा है, लेकिन अभी हिमाचल सरकार के हिस्से वाली राशि खातों में नहीं पड़ी है, जो जल्द ही पड़ जाएगी। इसके अलावा मेटिरियल की पैमेंट जो पिछले साल की लंबित थी, वह अब केंद्र सरकार से प्राप्त हो गई है और जल्दी ही उसका भुगतान भी कर दिया जाएगा।
भूपेंद्र सिंह ने बताया कि कुछ पंचायतों के कर्मचारी व प्रतिनिधि बीडीओ से सीधे तौर पर काम मांगने पर मजदूरों को सजा के तौर पर सबसे दूर वाले गांव में भेजते हैं, जो सही नहीं है। इसलिए ऐसे कर्मचारियों के विरुद्ध कार्यवाई होनी चाहिए। इसके अलावा धर्मपुर खंड में ग्रामीण रोजगार सेवक और तकनीकी सहायकों के खाली पदों को भरने, ऑनलाईन के साथ-साथ ऑफलाइन हाजरी जारी रखने की भी मांग उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल में लुद्दर सिंह, मनोहर लाल, प्रकाश सकलानी, हरफूल सिंह, श्याम सिंह, सुरेश वर्मा, सुखराम ठाकुर, रणताज राणा, नानक चन्द, रणवीर शास्त्री, सूरत सिंह, रूप चन्द, जीत सिंह, करतार सिंह इत्यादि शामिल रहे।
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन






