पंजाब के मोगा से खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी के बाद हिमाचल प्रदेश में अलर्ट जारी

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

24 अप्रैल 2023

Himachal Police checking at borders in amritpal singh surrender case
पंजाब के मोगा से खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी के बाद हिमाचल प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब, हरियाणा से सटे हिमाचल के बॉर्डर एरिया में चौकसी बढ़ा दी गई है। बिलासपुर, कांगड़ा, ऊना, सोलन, सिरमौर और सीमांत क्षेत्रों में नाकों पर चेकिंग के बाद ही वाहनों को प्रवेश करने दिया जा रहा है।
पुलिस विभाग ने अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती कर दी है। सूबे में अमृतपाल के समर्थन को लेकर कोई गतिविधि सामने नहीं आई है। माहौल शांतपूर्ण है। हिमाचल के प्रवेशद्वार गरामोड़ा और ग्वालथाई में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है। बिलासपुर-पंजाब सीमा पर मजारी, दबट, जंडोरी, शेहलाघोड़ा में भी पुलिस मुस्तैद है।

नाकों पर हथियारबंद जवान तैनात किए गए हैं। वहीं बिलासपुर जिले से लगती 27 किलोमीटर लंबी पंजाब की सीमा पर भी नियमित गश्त की जा रही है। डीएसपी श्री नयनादेवी जी विक्रांत बैंसला ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में माहौल न बिगड़े, इसके चलते सीमाओं पर चौकसी बढ़ाई गई है। नाकों पर हर वाहन की जांच की जा रही है।

साथ ही राहगीरों के दस्तावेज की जांच की जा रही है। हरियाणा से सटी सीमा पर तैनात पावंटा पुलिस के जवान संदिग्ध लोगों पर नजर रखे हैं। रविवार को गिरफ्तारी की सूचना के बाद पुलिस अलर्ट है। वहीं, बद्दी में पंजाब के रोपड़ को जोड़ने वाली सड़क पर ढेरोंवाला बैरियर, पंजाब के कीरतपुर साहिब की ओर जाने वाली सीमा समेत भरतगढ़ और बघेरी में चौकसी बढ़ा दी गई।

पुलिस अधीक्षक बद्दी मोहित चावला ने बताया कि भरतगढ़, ढेरोंवाल और बघेरी में पहले ही सीमाएं सील हैं। यहां पर 24 घंटे पुलिस पहरा देती है। अमृतपाल की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news