
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
11 मार्च 2023
पंजाब सीमा पर स्थित गरामोड़ा टोल बैरियर 16.21 करोड़0 रुपये में नीलाम हुआ है। इस बैरियर से आबकारी एवं कराधान विभाग को पिछले साल की तुलना में 1.47 करोड़ रुपये ज्यादा प्राप्त हुए हैं। साल 2022 में यह बैरियर 14.74 करोड़ रुपये में नीलाम हुआ था। शुक्रवार को चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गरामोड़ा टोल बैरियर की नीलामी की गई।
आबकारी एवं कराधान विभाग ने गरामोड़ा बैरियर का आरक्षित मूल्य 16.21 करोड़ रुपये तय किया था। जिला परिषद बिलासपुर के भवन में सुबह 11 बजे नीलामी के लिए बोली शुरू हुई। बोली के दौरान संजीव कुमार एंड प्रवेश कंपनी और एसके टूल्स के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। संजीव कुमार एंड प्रवेश कंपनी 15 करोड़ की अंतिम बोली लगाई लेकिन बोली आरक्षित मूल्य से कम होने के चलते अवैध मानी गई। इसके बाद टेंडर पेटी खोली। टेंडर भी इन दोनों कंपनियों ने ही डाले थे। एसके टूल्स का टेंडर 13.15 करोड़ रुपये का निकला, जबकि संजीव कुमार एंड प्रवेश कंपनी ने 16.21 करोड़ रुपये का टेंडर लगाया था।
नीलामी प्रक्रिया की अध्यक्षता कर रही अतिरिक्त उपायुक्त निधि पटेल ने संजीव कुमार एंड प्रवेश कंपनी के नाम की घोषणा करते हुए नीलामी प्रक्रिया को पूरा कराया। इसके बाद आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारियों ने मौके पर कंपनी को नीलामी की कुल राशि का 10 प्रतिशत मौके पर जमा कराने के निर्देश दिए।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





