पच्छाद में आसमानी बिजली का कहर: महिला घायल, दो बैलों की मौत, सराहां पेट्रोल पंप की छत उड़ी

सराहां | पच्छाद

पच्छाद क्षेत्र में आसमानी बिजली गिरने की एक खौफनाक घटना सामने आई है। पच्छाद उपमंडल की टिक्करी कुठाड़ पंचायत के खडोह गांव में देर शाम अचानक आसमानी बिजली गिरने से एक महिला घायल हो गई, जबकि दो बैलों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, शारदा देवी पत्नी भगत राम शाम के समय अपनी गौशाला में पशुओं को घास डालने गई थीं। इसी दौरान अचानक आसमानी बिजली गिरी, जिससे वे बेहोश हो गईं और उनके दोनों पैरों में चोटें आईं। बिजली की चपेट में आने से उनके दोनों बैल भी मौत के मुंह में चले गए। हालांकि, शारदा देवी की हालत अब स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है।

इसके अलावा, सराहां के पास काहन पेट्रोल पंप की छत के कुछ हिस्से उड़ने की भी सूचना मिली है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

इस संबंध में एसडीएम पच्छाद डॉ. प्रियंका चंद्र ने बताया कि खडोह गांव में आसमानी बिजली गिरने से शारदा देवी को हल्की चोटें आई हैं और उनके दो बैल मारे गए हैं। उन्होंने कहा कि हल्का पटवारी को मौके पर भेजकर रिपोर्ट तैयार की जा रही है तथा प्रभावित परिवार को शीघ्र मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही, सराहां पेट्रोल पंप की छत उड़ने के मामले की भी जांच के निर्देश पटवारी को दिए गए हैं।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।

Share the news