पटना में हिमाचल का रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन, पहले ही दिन 6 पदक जीतकर रचा इतिहास

बिहार के पटना स्थित अंबेडकर स्टेडियम में आयोजित 15वीं कुराश जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की टीम ने रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता के पहले ही दिन 6 पदक जीतकर शानदार शुरुआत की।
प्रतियोगिता में शौर्य वीर यादव ने +83 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण पदक 🥇 जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया, जबकि सूर्यांश ने 66 किग्रा भार वर्ग में रजत पदक 🥈 अपने नाम किया। इसके अतिरिक्त अनुराग नेगी (45 किग्रा), पल्लवी (36 किग्रा), खुशबू (52 किग्रा) और दीपांशी (48 किग्रा) ने भी अपने-अपने भार वर्ग में पदक अर्जित कर टीम के खाते में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 8 से 11 जनवरी तक चल रही है, जिसमें हिमाचल प्रदेश के 60 खिलाड़ी (30 बालक व 30 बालिकाएं) भाग ले रहे हैं। टीम के साथ वीरेंद्र सिंह धौलता (मुख्य कोच व महासचिव, हिमाचल प्रदेश कुराश संघ), हरदेव सिंह (हेड ऑफ डेलीगेशन), गौरव शर्मा (कोच) तथा धनी राम, मुकुल शर्मा और मीना शर्मा (तकनीकी अधिकारी) मौजूद हैं। वहीं सुरजीत परमार, ठाकुर सिंह नेगी, गुरगेश कुमार और विकास सकलानी रेफरी परीक्षा हेतु परीक्षार्थी तकनीकी अधिकारी के रूप में प्रतियोगिता में शामिल हुए हैं।
हिमाचल टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर कर्नल डॉ. शांडिल जी (मुख्य संरक्षक, हिमाचल प्रदेश कुराश संघ) ने सबसे पहले खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को बधाई दी। इसके बाद डीएसपी भीष्म ठाकुर (चेयरमैन, सोलन कुराश एसोसिएशन), अशोक चौहान (अध्यक्ष, शिमला कुराश एसोसिएशन), डॉ. सुरेंद्र कुल्ला (अध्यक्ष, हिमाचल प्रदेश कुराश संघ) एवं कौशल मुंगटा (चेयरमैन, हिमाचल प्रदेश कुराश संघ) ने भी टीम को इस शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

Share the news