पटवारी कानूनगो ने कुल्लू मारपीट प्रकरण बारे उपायुक्त सोलन को सौंपा ज्ञापन

नालागढ़
संयुक्त ग्रामीण राजस्व अधिकारी (पटवारी) एवं कानूनगो महासंघ, जिला सोलन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जिला कुल्लू में ड्यूटी के दौरान पटवारी एवं कानूनगो के साथ हुई मारपीट एवं जानलेवा हमले के संबंध में अतिरिक्त उपायुक्त महोदय सोलन के माध्यम से हि. प्र. सरकार को ज्ञापन सौंपकर अपना रोष व्यक्त किया।
महासंघ के जिला प्रधान सुमित ठाकुर ने बताया कि जिला कुल्लू में सीमांकन, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान ड्यूटी पर तैनात पटवारी एवं कानूनगो पर हुए जानलेवा हमले की महासंघ कड़े शब्दों में निंदा करता है। महासंघ सरकार से मांग करता है कि दोषियों के विरुद्ध Attempt to Murder ,सरकारी कार्य मे बाधा पहुंचाने सहित कठोर कानूनी धाराओं में मामला दर्ज कर दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करे तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु राजस्व फील्ड स्टाफ को पर्याप्त पुलिस सुरक्षा प्रदान की जाए।
महासंघ स्पष्ट करता है कि यदि इस गंभीर प्रकरण में शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो प्रदेश भर में कार्यरत पटवारी एवं कानूनगो आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए विवश होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी।
इसके अतिरिक्त महासंघ ने अति. उपायुक्त को अवगत कराया कि जिले में 7th Minor Irrigation Census एवं 2nd Water Body Census के कार्य के दौरान फील्ड स्तर पर अनेक तकनीकी समस्याएं सामने आ रही हैं। पूर्व में दिए गए आश्वासन के अनुसार जिला मास्टर ट्रेनर द्वारा तहसील या उपमंडल स्तर पर फील्ड डेमोंस्ट्रेशन एवं प्रशिक्षण शीघ्र आयोजित किया जाए, ताकि यह कार्य सुचारु एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जा सके।
संघ ने यह भी मांग की कि SVAMITVA योजना को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करते हुए उससे संबंधित कार्य निर्धारित SOPs एवं आबादी देह अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार चरणबद्ध रूप से ही करवाए जाएं। एक ही समय में अनेक योजनाओं एवं रिपोर्टों का दबाव न डालते हुए, फील्ड स्टाफ को पर्याप्त समय, तकनीकी सहयोग एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए, ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावी, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित रूप से किया जा सके।

Share the news