
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
17 मई 2023

हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी चायल के भड़ेच में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मजदूरों के शेड में घुस गई। हादसे में शेड में सो रहे चार मजदूरों को गंभीर चोटें आई हैं। हादसा सोमवार रात हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को स्थानीय अस्पताल चायल पहुंचाया। जहां पर दो लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सोमवार रात करीब 10:00 बजे कार चालक रितांशु साधुपुल की तरफ से आ रहा था। जब वह तारिका रिजॉर्ट के समीप पहुंचा तो कार चालक ने सड़क किनारे खड़ी एक कार को टक्कर मार दी, जिसके बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मजदूरों के शेड में घुस गई। शेड में सो रहे मजदूर 20 वर्षीय रंजीत, 35 वर्षीय हरि राम, 22 वर्षीय पंकज कुमार, 35 वर्षीय प्रभु कुमार गंभीर घायल हो गए। यह मजदूर भड़ेच गांव में ही कार्य करते थे, जिन्हें पुलिस और 108 की सहायता से चायल अस्पताल पहुंचाया गया है। इनमें दो की नाजुक स्थिति को देखते हुए आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सोलन वीरेंद्र शर्मा ने कहा कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





