
#जिला भर में शुक्रवार को नामांकन का दिन रहा |पांचों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 20 नामांकन हुए।*

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
22 अक्टूबर 2022
जिला भर में शुक्रवार को नामांकन का दिन रहा। पांचों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 20 नामांकन हुए। इसमें विधायकों, पूर्व विधायकों समेत कई आजाद प्रत्याशियों ने अपने नामांकन दायर किए। नामांकन से पहले सभी ने अपने शक्ति प्रदर्शन किए। कई जगहों पर नामांकन दायर करने के बाद जनसभा और रैलियां भी हुईं। कई प्रत्याशी गाजे-बाजे के साथ नामांकन दायर करने पहुंचे।
इसमें सोलन में विधायक कर्नल धनीराम शांडिल सुबह शूलिनी मंदिर पहुंचे। यहां पर उन्होंने मां शूलिनी का आशीर्वाद लिया। उसके बाद वह मालरोड से शक्ति प्रदर्शन करते हुए मिनी सचिवालय पहुंचे।
यहां पर एसडीएम के समक्ष अपना नामांकन दायर किया। उसके बाद वह बाजार में कारोबारियों से मिले और चुनाव को लेकर समर्थन मांगा। भाजपा के प्रत्याशी डॉ. राजेश कश्यप विश्राम गृह से कार्यकर्ताओं से साथ उपायुक्त कार्यालय के लिए निकले। उन्होंने मालरोड पर शक्ति प्रदर्शन किया और एसडीएम के पास नामांकन दाखिल किया। उनके साथ भाजपा हिमाचल सह प्रभारी संजय टंडन भी मौजूद रहे।
कसौली में डॉ. सैजल ने किया नामांकन
कसौली में स्वास्थ्य मंत्री और विधायक डॉ. राजीव सैजल ने अपना नामांकन दायर किया। भाजपा सह प्रभारी संजय टंडन की अगुवाई में उन्होंने धर्मपुर से शक्ति प्रदर्शन शुरू किया। कसौली में एसडीएम के समक्ष नामांकन दायर किया।
उसके बाद उन्होंने गढ़खल बाजार में जनसभा को संबोधित किया। वहीं भाजपा के बागी और आम आदमी पार्टी प्रत्याशी हरमेल धीमान ने भी नामांकन दायर किया। इसके अलावा बसपा से राम रतन, राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी से राजीव कुमार कौंडल, जबकि आजाद प्रत्याशी के तौर पर वीना ने अपना नामांकन भरा।
अर्की से छह ने भरे नामांकन
अर्की विधानसभा क्षेत्र से मौजूदा विधायक संजय अवस्थी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वह समर्थकोें की भीड़ के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे और नामांकन भरा। उसके बाद उन्होंने अपनी जनसभा भी की। उनके साथ कांग्रेस वर्किंग कमेटी सदस्य कुमारी शैलजा मौजूद रहीं। इसके अलावा पूर्व विधायक और भाजपा प्रत्याशी गोविंद राम शर्मा ने भी दल-बल के साथ अपना नामांकन भरा। वह शक्ति प्रदर्शन करते हुए नामांकन भरने पहुंचे। भाजपा उपाध्यक्ष गणेश दत्त और पूर्व भाजपा प्रत्याशी रतन सिंह पाल विशेष तौर पर मौजूद रहे। वहीं अर्की में भाजपा से बतौर कवरिंग प्रत्याशी जयदेव सिंह ने भी नामांकन भरा। इसके अलावा सतीश कश्यप ने कांग्रेस, बसपा से कमलेश और राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी से पवन कुमार ने नामांकन भरा।
नालागढ़ पांच नामांकन दाखिल
नालागढ़ में मौजूदा विधायक लखविंद्र राणा ने भाजपा से अपना नामांकन भरा। उन्होंने पहले नालागढ़ में शक्ति प्रदर्शन किया। उसके बाद नामांकन भरा। वहीं कांग्रेस से हरदीप सिंह बावा ने भी अपना नामांकन शक्ति प्रदर्शन के साथ दायर किया। इसके अलावा भाजपा से बागी हुए पूर्व विधायक केएल ठाकुर ने बतौर आजाद उम्मीदवार अपना नामांकन भरा। वहीं राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी से जगदीश चंद और परमिंदर कौर ने कांग्रेस से बतौर कवरिंग प्रत्याशी अपना नामांकन दायर किया। इससे पहले सभी ने नालागढ़ में शक्ति प्रदर्शन किए।
दून से दो प्रत्याशियों ने भरे नामांकन
दून विधानसभा क्षेत्र से दो प्रत्याशियों ने अपने नामांकन दायर किए। इसमें हीरा लाल ने कांग्रेस के लिए कवरिंग प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र दायर किया। उसके बाद बतौर आजाद प्रत्याशी देश राज चौहान निवासी गांव कालूझंडा डाकघर मंधाला तहसील बद्दी ने अपना नामांकन पत्र भरा। यहां पर कांग्रेस से रामकुमार चौधरी ने वीरवार को नामांकन दायर कर दिया था जबकि भाजपा से परमजीत सिंह पम्मी ने अभी नामांकन नहीं भरा है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





